हांसी बना हरियाणा का 23वां जिला, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने की घोषणा

हांसी : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हांसी के लोगों को ऐतिहासिक सौगात देते हुए हांसी को हरियाणा का 23वां जिला बनाने की घोषणा की। हांसी में आयोजित भव्य विकास रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक सप्ताह के भीतर जिला बनने का नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा, जिसके बाद रेवेन्यू के दृष्टिकोण से भी हांसी पूर्ण जिला बन जाएगा। घोषणा के साथ ही रैली में मौजूद जनसमूह ने जोरदार नारों के साथ मुख्यमंत्री का आभार जताया।
77.30 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस अवसर पर 77 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत की 3 प्रमुख विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरों की भूमि हांसी का गौरवशाली इतिहास रहा है और सरकार इसके विकास में कोई कमी नहीं छोड़ेगी।
उन्होंने 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में हांसी के बलिदानों को याद करते हुए कहा कि यह भूमि आज़ादी के मतवालों की साक्षी रही है।
11 वर्षों में 1008 करोड़ के विकास कार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में हांसी विधानसभा क्षेत्र में 1008 करोड़ रुपये के विकास कार्य हुए,जबकि कांग्रेस के 10 वर्षों के शासनकाल में केवल 253 करोड़ रुपये के ही कार्य किए गए। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने विकास को गति देने का काम किया है।
संकल्प पत्र के 54 वादे एक साल में पूरे
मुख्यमंत्री ने बताया कि विधानसभा चुनाव के संकल्प पत्र के 217 वादों में से 54 वादे एक वर्ष में पूरे किए जा चुके हैं। 163 वादों पर तेजी से काम जारी है उन्होंने कहा कि यह सरकार नॉन-स्टॉप और ट्रिपल स्पीड विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।
महिलाओं, गरीबों और किसानों के लिए बड़ी योजनाएं
मुख्यमंत्री ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 7 लाख से अधिक बहन-बेटियों को 258 करोड़ रुपये। 500 रुपये में गैस सिलेंडर, लाभार्थी – 14.70 लाख परिवार। किसानों को MSP पर फसल खरीद, अब तक 1.64 लाख करोड़ रुपये का भुगतान,फसल नुकसान पर 15,448 करोड़ रुपये का मुआवजा,उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों का 269 करोड़ रुपये का मुआवजा बकाया छोड़कर गई थी, जिसे बीजेपी सरकार ने चुकाया।
आवास, पेंशन और स्वास्थ्य में बड़ा सुधार
मुख्यमंत्री ने बताया प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1.56 लाख मकान,मुख्यमंत्री आवास योजना (शहरी व ग्रामीण) में 27 हजार से अधिक प्लॉट,सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाकर ₹3,200 मासिक, आयुष्मान भारत-चिरायु योजना में 25.39 लाख मरीजों का ₹4,126 करोड़ का मुफ्त इलाज।
कांग्रेस के आरोपों पर तीखा हमला
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के ‘वोट चोरी’ और एसआईआर (SIR) को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को लोकतंत्र को गुमराह करने की साजिश बताया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण पहले भी कई बार हो चुका है और उस समय लोकतंत्र पर सवाल नहीं उठे। उन्होंने कहा, “विकसित हरियाणा कुर्सी के काटे विपक्षी नेताओं को रास नहीं आ रहा।”



