मुख्यमंत्री नायब सैनी ने नारायणगढ़ में खोला विकास का पिटारा
337 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण एवं शुभारंभ

आशीष श्रीवास्तव
अम्बाला/चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 325 अमृत सरोवर के साथ—साथ 70 एडवांस्ड लाइफ स्पोर्ट् एंबुलेंस जनता को समर्पित की है। मुख्यमंत्री बुधवार को अंबाला के नारायणगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कुल 337 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शुभारंभ किया। 114 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 7 महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजनाएं शामिल हैं। इसके साथ ही 223 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 325 अमृत सरोवर भी प्रदेश की जनता को समर्पित किए गए। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव, विधायक शैली चौधरी, स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ सुमिता मिश्रा, एनएचएम के एमडी आरएस ढिल्लो तथा पंचायत विभाग के डायरेक्टर अनीश यादव भी मौजूद थे। कार्यक्रम में वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत कर रहे मंत्रीगण और विधायक तथा अन्य गणमान्य भी जुड़े थे।
हरियाणा के लिए ऐतिहासिक
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि आज का अवसर केवल नारायणगढ़ के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है, जब उन्होंने आज 337 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शुभारंभ किया है। यह केवल परियोजनाओं का उद्घाटन नहीं है, बल्कि स्वस्थ हरियाणा, समृद्ध हरियाणा और विकसित हरियाणा के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
डॉक्टर्स-डे पर बधाई
इससे पहले उन्होंने डॉक्टर्स डे के अवसर पर देश एवं प्रदेश के सभी डॉक्टरों, नर्सों, पैरामेडिकल स्टाफ, आशा वर्करों तथा स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े सभी कर्मियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भारत के महान चिकित्सक, प्रख्यात स्वतंत्रता सेनानी, उत्कृष्ट प्रशासक एवं दूरदर्शी राष्ट्र निर्माता डॉ. बिधान चंद्र राय को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि डॉ. राय का यह विचार कि “स्वस्थ नागरिक ही मजबूत राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं” आज भी अत्यंत प्रासंगिक है।



