हरियाणा में क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मिलेगी नई उड़ान : नायब सैनी
-मुख्यमंत्री ने भिवानी में चौ. बंसीलाल सिविल एरोड्रम पर आधुनिक विमानन सुविधाओं का किया उद्घाटन

आशीष श्रीवास्तव
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को भिवानी स्थित चौ. बंसी लाल सिविल एरोड्रम पर लगभग 31 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक हैंगर, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) भवन, सुरक्षा चौकी तथा कैंटीन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सांसद धर्मबीर सिंह, भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ, बवानीखेड़ा के विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरों, खिलाड़ियों और संतों की धरती और ‘छोटी काशी’ के नाम से प्रसिद्ध भिवानी आज विकास के एक नए अध्याय की साक्षी बनी है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल भवनों का उद्घाटन नहीं, बल्कि हरियाणा में आधुनिक विमानन अवसंरचना के विस्तार और क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में नागरिक उड्डयन क्षेत्र ने अभूतपूर्व प्रगति की है। ‘उड़ान’ योजना ने छोटे शहरों को हवाई सेवाओं से जोड़कर आम नागरिक के लिए हवाई यात्रा को सुलभ बनाया है। हरियाणा सरकार भी इसी सोच के अनुरूप प्रदेश में हवाई संपर्क को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
ट्रेनी पायलटों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 200 घंटों की उड़ान पूरी करने वाले ट्रेनी पायलटों को बैज लगाकर सम्मानित किया और ट्रेनिंग पूरी करने पर उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दीं। इस एरोड्रम से 120 ट्रेनी पायलटों ने प्रशिक्षण पूरा किया है।
आधुनिक दो-सीटर जायरोकॉप्टर का भी प्रदर्शन
इस अवसर पर आधुनिक और लग्जरी श्रेणी के दो-सीटर जायरोकॉप्टर का भी प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री ने स्वयं इस जायरोकॉप्टर में बैठकर देखा और इसकी तकनीक व सुविधाओं की जानकारी ली। यह जायरोकॉप्टर व्यक्तिगत हवाई यात्रा, एरियल टूरिज्म, निगरानी एवं सर्वेक्षण, फोटोग्राफी और वीडियो शूट तथा पायलट प्रशिक्षण जैसे कार्यों में काफी उपयोगी है।



