Haryana

निकाय चुनावों को लेकर इनेलो की अहम बैठक, अभय चौटाला ने कांग्रेस पर साधा निशाना

निकाय चुनावों को लेकर इनेलो की अहम बैठक, अभय चौटाला ने कांग्रेस पर साधा निशाना

चंडीगढ़, 11 फरवरी – इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव चौधरी अभय सिंह चौटाला ने मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में जिला और शहरी प्रधानों के साथ निकाय चुनावों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में इनेलो प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष आरएस चौधरी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रकाश भारती, पूर्व डीजीपी एमएस मलिक, राष्ट्रीय प्रवक्ता उमेद लोहान और प्रदेश प्रवक्ता डॉ. सतबीर सैनी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

पार्टी सिंबल पर चुनाव लड़ने की रणनीति

बैठक में फैसला लिया गया कि अगले दो दिनों के भीतर नगर पालिका, नगर निगम और नगर परिषद के चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों से बातचीत कर पार्टी मुख्यालय को रिपोर्ट दी जाएगी।

  • जहां आवश्यक होगा, वहां इनेलो अपने सिंबल पर चुनाव लड़ेगी
  • अन्य स्थानों पर इनेलो समर्थित उम्मीदवारों को खड़ा किया जाएगा।

इसके अलावा, पार्टी संगठन को पुनर्गठित करने के लिए वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी दी गई है। वे पुराने और निष्क्रिय कार्यकर्ताओं से मिलकर उन्हें दोबारा सक्रिय करेंगे और संगठन को मजबूत बनाएंगे। इसके बाद, जिलावार बैठकों का आयोजन कर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए जाएंगे और भविष्य की रणनीति तय की जाएगी

अभय चौटाला का कांग्रेस पर हमला

पत्रकारों द्वारा कांग्रेस के बैलेट पेपर से निकाय चुनाव कराने की मांग को लेकर सवाल पूछे जाने पर अभय चौटाला ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा:

“जब हिमाचल प्रदेश और हरियाणा की लोकसभा सीटों पर जीत मिली थी, तब ईवीएम पर कोई सवाल नहीं उठाया गया। लेकिन अब, जब हरियाणा में कांग्रेस ने भाजपा की ‘बी टीम’ की तरह काम किया और गठबंधन नहीं किया, तो अपनी नाकामी छिपाने के लिए ईवीएम पर दोष मढ़ रही है।”

अभय चौटाला ने कांग्रेस पर वोट काटने वाली पार्टी बनने का आरोप लगाते हुए कहा:

“दिल्ली में कांग्रेस ने सिर्फ वोट काटने का काम किया। आने वाले समय में कांग्रेस पूरे देश में केवल ‘वोट कटुआ’ पार्टी बनकर रह जाएगी।”

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा हरियाणा में कांग्रेस को सत्ता में नहीं लाना चाहते थे

निकाय चुनावों में पूरी ताकत झोंकेगी इनेलो

अभय चौटाला ने साफ किया कि इनेलो निकाय चुनावों को पूरी गंभीरता से लड़ेगी और हरियाणा में अपनी सियासी जमीन मजबूत करेगी। पार्टी आगामी दिनों में सरकार की नीतियों के खिलाफ जन जागरूकता अभियान भी चलाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button