पेपर लीक : हरियाणा सरकार का बड़ा एक्शन
4 DSP, 3 SHO, 1 चौकी इंचार्ज समेत 25 पुलिसकर्मी सस्पेंड

चंडीगढ़,
हरियाणा शिक्षा बोर्ड के 10वीं और 12वीं क्लॉस के पेपर आउट मामले में शनिवार को प्रदेश सरकार ने बड़ा एक्शन ले लिया है। पेपर आउट होने को मुख्यमंत्री नायब सैनी ने गंभीरता से लिया है। पत्रकारों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए हैं। इसी के तहत हरियाणा बोर्ड के 10वीं और 12वीं में पेपर आउट होने के मामले में 25 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। इसमें 4 डीएसपी, 3 एसएचओ और 1 चौकी इंचार्ज शामिल हैं। इसके अलावा 5 पर्यवेक्षकों के खिलाफ एफआईआर के आदेश दिए गए हैं। इनमें 4 सरकारी और एक प्राइवेट शामिल है। वहीं, 4 सरकारी पर्यवेक्षकों और 2 सेंटर सुपरवाइजरों को सस्पेंड भी कर दिया गया है। इनके साथ ही 4 बाहरी लोगों और 8 स्टूडेंट्स के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले में अभी जांच जारी है। सभी जिला उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को कड़े आदेश जारी करते हुए यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि परीक्षा केंद्र के समीप कोई व्यक्ति न जाने पाए और 500 मीटर की दूरी से बाहर रहें। इस सम्बन्ध में अगर प्रदेश में कहीं पर भी शिकायत आती है तो संबंधित जिला प्रशासन इसका जिम्मेदार होगा।
गौरतलब हो कि गुरुवार को 12वीं बोर्ड का इंग्लिश का पेपर था। मगर, वह करीब 15–20 मिनट में ही नूंह और पलवल से आउट हो गया था। इसके बाद शुक्रवार को 10वीं का मैथ का पेपर हुआ। वह भी कुछ ही देर में नूंह और झज्जर से आउट हो गया। इसके अलावा नूंह में लोग छतों–दीवारों पर चढ़कर अंदर पर्चियां फेंकते हुए नजर आए। नूंह में इस तरह से पेपर को दरवाजे के नीचे से बाहर निकालकर मोबाइल से फोटो खींचकर आउट किया गया।



