हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के नव-चयनित सदस्य मिले मुख्यमंत्री से, मिला पूर्ण सहयोग का भरोसा

चंडीगढ़: हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी (HSGPC) के नव-चयनित सदस्यों ने सोमवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से उनके निवास ‘संत कबीर कुटीर’ पर भेंट की। मुख्यमंत्री ने सदस्यों को बधाई देते हुए इसे सिख समाज के लिए एक ऐतिहासिक अवसर बताया और कहा कि शांतिपूर्ण चुनाव इस बात का प्रमाण हैं कि राज्य में लोकतांत्रिक प्रक्रियाएं मजबूती से चल रही हैं।
मुख्यमंत्री सैनी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार कमेटी को समाज हित में कार्य करने के लिए हर संभव सहयोग देगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि समिति ‘गुरु घर’ के कार्यों को निष्पक्षता, पारदर्शिता और सेवा भाव से संचालित करेगी, जिससे आने वाली पीढ़ियों को दिशा और प्रेरणा मिल सके।
प्रतिनिधिमंडल ने सिख समाज से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों और सुझावों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा, जिन पर उन्होंने सकारात्मक रुख दिखाते हुए समाधान का भरोसा दिलाया। साथ ही, पंजाब-हरियाणा जल विवाद पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों राज्य भाईचारे के सूत्र में बंधे हैं और पानी जैसे मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
इस मौके पर सिख समाज के प्रमुख नेता जगदीश सिंह झींडा, बलजीत सिंह दादूवाल, गुलाब सिंह मुनक व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।



