ChandigarhGamesHaryana

खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025: हरियाणा ने दिखाया दम, 117 पदकों के साथ रहा दूसरे स्थान पर – खेल मंत्री ने दी बधाई

चंडीगढ़, 15 मई 2025 : बिहार में आयोजित सातवें खेलो इंडिया यूथ गेम्स में हरियाणा के युवा खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपने प्रदर्शन से देशभर में प्रदेश का नाम रोशन किया। हरियाणा ने कुल 117 पदक जीतकर पदक तालिका में दूसरा स्थान हासिल किया।

हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि, “यह उपलब्धि सिर्फ खिलाड़ियों की मेहनत का नहीं, बल्कि प्रदेश की दूरदर्शी खेल नीति का भी परिणाम है।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खेलो इंडिया स्कीम को इस बदलाव की नींव बताया और कहा कि 2016 में शुरू हुई इस योजना ने देश में खेल संस्कृति को नई पहचान दी है।

खेल मंत्री ने आगे कहा, “खेलो इंडिया का यह सफर हमारे युवाओं को ऊर्जा और आत्मविश्वास से भर रहा है। यह ऊर्जा आने वाले वर्षों में ओलंपिक जैसे वैश्विक मंचों पर देश का परचम लहराने में मदद करेगी।”

मुख्यमंत्री को दिया धन्यवाद

खेल मंत्री ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का भी आभार व्यक्त किया और कहा कि उनके नेतृत्व में बनाई गई प्रभावशाली खेल नीति ने खिलाड़ियों के लिए सुविधाएं और अवसरों का नया द्वार खोला है।

मिशन ओलंपिक-2036 के तहत बजट में 40% की बढ़ोतरी

खेल मंत्री गौतम ने यह भी बताया कि सरकार ने मिशन ओलंपिक-2036, खेल नर्सरी, अंतरराष्ट्रीय स्तर के इंफ्रास्ट्रक्चर, खिलाड़ियों के लिए कैश अवार्ड और बीमा जैसी योजनाओं के लिए चालू वर्ष के बजट में लगभग 40 प्रतिशत की वृद्धि की है। इससे खिलाड़ियों को राज्य में ही उच्चस्तरीय प्रशिक्षण और सुविधाएं मिल सकेंगी।

हरियाणा बना खेलों की नर्सरी

हरियाणा पहले ही कुश्ती, बॉक्सिंग, एथलेटिक्स और हॉकी जैसे खेलों में अग्रणी राज्य माना जाता रहा है। खेलो इंडिया यूथ गेम्स में शानदार प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया है कि हरियाणा आने वाले वर्षों में भारत को कई अंतरराष्ट्रीय चैंपियंस देने में सक्षम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button