Haryana

संत कबीर जयंती पर सीएम नायब सिंह सैनी की बड़ी घोषणाएं, सफाई कर्मियों के वेतन में 2100 रुपये की बढ़ोतरी

चंडीगढ़, 11 जून: संत शिरोमणि कबीर दास जी की जयंती के अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिरसा में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह के दौरान कई बड़ी घोषणाएं कीं। सबसे अहम घोषणा सफाई कर्मियों के लिए रही, जिनके मासिक वेतन में ₹2100 की बढ़ोतरी की गई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार चरणबद्ध तरीके से वेतन को ₹26,000 तक पहुंचाने के संकल्प पर कार्य कर रही है।

इसके अलावा स्वास्थ्य क्षेत्र में भी बड़ी सौगात दी गई। सिरसा के संत सरसाई नाथ मेडिकल कॉलेज में 100 बेड का नया नशा मुक्ति केंद्र बनाया जाएगा। साथ ही ऐलनाबाद में 30 बेड का नया केंद्र और डबवाली के मौजूदा केंद्र की क्षमता भी बढ़ाकर 30 बेड की जाएगी।

सीएम सैनी ने संत कबीर की शिक्षाओं को आज की सामाजिक एकता के लिए अत्यंत प्रासंगिक बताया। उन्होंने लोगों से जातिवाद और भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्र निर्माण में सहयोग देने का आह्वान किया। समारोह में 31 लाख रुपये की धनराशि देने की भी घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सफाई कर्मियों की सुरक्षा और गरिमा सुनिश्चित करने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिसमें बीमा योजना, आयोग गठन और विवाह शगुन जैसी योजनाएं शामिल हैं।
उनका संदेश साफ था—”हरियाणा एक, हरियाणवी एक” की भावना से आगे बढ़ते हुए संत कबीर की वाणी को जीवन में अपनाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button