हरियाणा में शिक्षा का कायाकल्प: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का कौशल, शोध और गुणवत्ता पर फोकस

चंडीगढ़, 23 जून: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य के विश्वविद्यालयों के नवनियुक्त कुलपतियों के साथ बैठक कर युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने, कौशल विकास को बढ़ावा देने और अनुसंधान कार्यों को गति देने की दिशा में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि प्रत्येक विश्वविद्यालय कम से कम 10 प्रतिशत पाठ्यक्रम उद्योग भागीदारों के सहयोग से संचालित करे, ताकि छात्रों को रोजगार योग्य व्यावहारिक प्रशिक्षण मिल सके। साथ ही, उन्होंने हर जिले में एक मॉडल स्किल कॉलेज और स्किल स्कूल स्थापित करने की योजना की घोषणा की।
राज्य सरकार ने अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा राज्य अनुसंधान कोष (HSRF) के तहत ₹20 करोड़ की राशि आवंटित की है। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालयों से आग्रह किया कि वे इस कोष का उपयोग ग्रामीण सामाजिक समस्याओं और स्थानीय विकास पर केंद्रित शोध में करें।
उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के त्वरित और प्रभावी क्रियान्वयन, NAAC मान्यता, और संस्थागत गुणवत्ता सुधार पर विशेष बल दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा को ऐसा राज्य बनाना है जो सिर्फ डिग्री नहीं, बल्कि दिशा और उद्देश्य भी दे।
सीएम सैनी ने छात्रों को मूल्य-आधारित शिक्षा, नैतिकता, और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने पर ज़ोर देते हुए हरियाणा को शैक्षणिक उत्कृष्टता का वैश्विक केंद्र बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।



