स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने किया महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण

महेंद्रगढ़, 17 जुलाई – हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने आज महेंद्रगढ़ जिले के कोरियावास स्थित महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया और जल्द ही यहां से एमबीबीएस की कक्षाएं शुरू होने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए प्रतिबद्ध है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कॉलेज का निरीक्षण करने के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि यह मेडिकल कॉलेज अरावली की वादियों के बीच एक अत्याधुनिक चिकित्सा संस्थान के रूप में उभर रहा है। उन्होंने बताया कि छात्रावास, अस्पताल विंग और शैक्षणिक ब्लॉक पूरी तरह से तैयार हैं और सरकार की योजना है कि वर्ष 2025 से एमबीबीएस की पढ़ाई यहां शुरू कर दी जाए।
आरती सिंह राव ने हरियाणा में मेडिकल सीटों में हुई अभूतपूर्व वृद्धि का उल्लेख करते हुए बताया कि 2014 में राज्य में केवल 700 एमबीबीएस सीटें थीं, जो अब बढ़कर 2185 हो चुकी हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले वर्षों में यह संख्या और बढ़ाई जाएगी।
“स्वास्थ्य बजट में लगातार वृद्धि सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है,” उन्होंने कहा।
मंत्री ने विशेष रूप से “उज्जवल दृष्टि योजना” का जिक्र करते हुए बताया कि यह योजना हरियाणा में पहली बार लागू की गई है, जिसके तहत मुफ्त चश्मों का वितरण किया गया है।



