रोहतक में ‘नमो वन’ का उद्घाटन: JP नड्डा और CM सैनी ने 10,000 पौधे रोपित कर लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

रोहतक, 17 सितंबर – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर रोहतक को एक नई सौगात मिली। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सेक्टर-2 में विकसित किए गए ‘नमो वन’ का भव्य उद्घाटन किया। मियावाकी तकनीक से विकसित यह वन क्षेत्र न सिर्फ हरियाली का प्रतीक बनेगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक नई प्रेरणा भी देगा।
10 हजार पौधे रोपित कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री ने रोहतकवासियों के साथ मिलकर लगभग 10,000 पौधे रोपित किए। इस मौके पर महिलाओं, बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। ‘नमो वन’ का यह आयोजन हरियाणा में पर्यावरणीय जागरूकता की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हो रहा है।
स्वच्छ भारत से स्वस्थ भारत की ओर
केंद्रीय मंत्री JP नड्डा ने इस मौके पर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सोच “स्वच्छ पर्यावरण में स्वस्थ जीवन” को लेकर है, और यह ‘नमो वन’ उसी सोच का एक साकार रूप है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे पर्यावरण संरक्षण को अपनी दिनचर्या में शामिल करें और अधिक से अधिक पौधरोपण कर ‘पर्यावरण प्रहरी’ बनें।
महिलाओं की भागीदारी बनी प्रेरणा का स्रोत
विशेष रूप से महिलाओं की सहभागिता उल्लेखनीय रही। केंद्रीय मंत्री ने महिलाओं से संवाद करते हुए उन्हें प्रेरित किया कि जैसे वे अपने घर को संवारती हैं, वैसे ही वे पर्यावरण को भी संवारने की जिम्मेदारी लें। महिलाओं ने भी आश्वासन दिया कि वे और उनके परिवार स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत अभियान में सक्रिय योगदान देंगे।
राजनीतिक और प्रशासनिक गणमान्यजनों की उपस्थिति
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, नगर निगम मेयर राम अवतार बाल्मीकि, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक पंकज समेत अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।



