Haryana

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सरकार की मुख्य प्राथमिकता : महीपाल ढांडा

पंचकूला : हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य सरकारी स्कूलों की ढांचागत स्थिति को मजबूत करना और विद्यार्थियों को बेहतर, सुरक्षित एवं आधुनिक शिक्षण माहौल उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में सरकार स्कूलों में स्मार्ट शिक्षा पर जोर देने के साथ-साथ विद्यार्थियों के हित में अनेक कल्याणकारी योजनाओं पर तेजी से कार्य कर रही है।

शिक्षा मंत्री पंचकूला स्थित शिक्षा सदन में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले 5 साल में प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में करीब 26 हजार स्मार्ट क्लास बोर्ड उपलब्ध करवाए गए हैं, जिससे विद्यार्थी तकनीकी रूप से सक्षम हो रहे हैं। इसके साथ ही छात्रवृत्ति योजनाओं को भी और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थी बिना बाधा अपनी पढ़ाई जारी रख सकें। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए राज्य के सरकारी स्कूलों में ड्यूल डेस्क की व्यवस्था करवाई जा रही है, ताकि बच्चों को शिक्षा ग्रहण करने में असुविधा न हो। उन्होंने अधिकारियों के निर्देश दिए कि जल्द से जल्द शिक्षकों की ऑनलाइन ट्रांसफर का शेड्यूल जारी किया जाए।

बैठक में अवगत कराया कि पूरे देश में हरियाणा ऐसा एकमात्र राज्य है जहां सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को मिड-डे-मील में विशिष्ट और पौष्टिक मेन्यू उपलब्ध कराया जाता है। विद्यार्थियों को मिड-डे-मील में दूध, खीर, पिन्नी और अन्य पौष्टिक आहार दिया जाता है। इसके अतिरिक्त भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए इसकी जांच भारत सरकार द्वारा स्वीकृत प्रयोगशाला से करवाई जाती है।

बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव स्कूल शिक्षा विनित गर्ग, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य अधिकारी राज नेहरू, मौलिक शिक्षा महानिदेशक विवेक अग्रवाल, स्कूल शिक्षा विभाग के निदेशक जितेंद्र दहिया व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button