हरियाणा में पुलिस कांस्टेबल भर्ती में 3 वर्ष की आयु छूट

Haryana Police Constable News : हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने जानकारी दी है कि सीईटी–2025 के अंतर्गत विज्ञापित पुलिस कांस्टेबल भर्ती में आयु छूट को लेकर अभ्यर्थियों द्वारा उठाई गई मांग पर हरियाणा सरकार ने सकारात्मक रुख अपनाया है। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों की मांग को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा पुलिस कांस्टेबल भर्ती में 03 वर्ष की आयु छूट प्रदान करने पर सहमति व्यक्त की गई है, जिसके संबंध में आयोग को अवगत कराया गया है। आयोग द्वारा नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
हिम्मत सिंह ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय विशेष रूप से उन अभ्यर्थियों के हित में लिया गया है, जो वर्ष 2022 के बाद विभिन्न कारणों से सीईटी परीक्षा आयोजित न हो पाने के कारण आयु सीमा से वंचित हो रहे थे, जबकि वर्ष 2025 में पुनः सीईटी परीक्षा आयोजित की गई है। यह आयु छूट योग्य अभ्यर्थियों को समान अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे अधिक से अधिक पात्र युवा भर्ती प्रक्रिया में सम्मिलित हो सकेंगे।



