रेखा शर्मा के खिलाफ कोर्ट पहुंचे विधायक चंद्रमोहन

हरियाणा में भाजपा की राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल पर दिए गए बयान का मामला अब कोर्ट पहुंच गया है। भजनलाल के छोटे बेटे और पंचकूला से कांग्रेस विधायक चंद्रमोहन ने सोमवार को कोर्ट पहुंचकर अपने बयान दर्ज करवाए। पंचकूला कोर्ट में अपने वकील दीपांशु बंसल के साथ पहुंचे चंद्रमोहन ने कहा कि उन्होंने सिविल और क्रिमिनल दोनों तरह के केस दायर किए हैं। उन्होंने रेखा शर्मा को माफी मांगने के लिए 7 दिन का समय दिया था, जो रविवार को पूरा हो गया। कोर्ट ने गवाही और सबूत सुनने के बाद 20 मई को मामले की सुनवाई रखी है। इसी तरह, सिविल जज अरुणिमा चौहान की कोर्ट ने चंद्रमोहन द्वारा किए गए मानहानि के मुकदमे पर सुनवाई करते हुए सांसद रेखा शर्मा को 7 मई के लिए नोटिस भेजा है। कुलदीप बिश्नोई के बयान पर चंद्रमोहन ने कहा कि वे अपने पिता के खिलाफ और अपने भाई के बारे में कुछ भी नहीं सुन सकते।



