यूपी भाजपा अध्यक्ष ने की समाजवादी चिंतक ‘लोहिया’ के परिजनों से मुलाकात
केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी का विशिष्ठ जनसम्पर्क अभियान

आशीष श्रीवास्तव
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने विशिष्ट जनसम्पर्क अभियान के तहत रविवार को लखनऊ में देश के प्रखर समाजवादी चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया के परिजनों से उनके आवास पर आत्मीय भेंट की। इस शिष्टाचार मुलाकात के दौरान केन्द्रीय मंत्री ने लोहिया के परिजनों से मिलकर उनका कुशल-क्षेम जाना। इस विशेष अवसर पर डॉ. राम मनोहर लोहिया के परिजनों रमेशचंद्र लोहिया, शोभा रानी लोहिया, पृथ्वीराज लोहिया, हर्षवर्धन लोहिया, राज्यवर्धन लोहिया, नारायन लोहिया, उदयप्रताप लोहिया और नीलू लोहिया से मिलकर उनका कुशल-क्षेम जाना।
देश के नवनिर्माण का स्वर्णिम युग
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्यंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार के ऐतिहासिक 12 वर्षों का कार्यकाल देश के नवनिर्माण और स्वर्णिम युग का गवाह रहा है। इन वर्षों में भारत ने नीतिगत जड़ता से बाहर निकलकर वैश्विक पटल पर एक आत्मनिर्भर और सुदृढ़ पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र पर चलते हुए मोदी सरकार की नीतियां केवल कागजी योजनाओं तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि उनका सीधा लाभ धरातल पर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचा है। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी नीतियों ने देश में एक बड़े और सकारात्मक सामाजिक-आर्थिक बदलाव की मजबूत नींव रखी है। उन्होंने कहा कि देशहित में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा की गई अपील का देश वासी पूर्ण समर्थन करते है।
कौन-कौन रहा मौजूद
इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश महामंत्री संजय राय, भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, विधायक डॉ. नीरज बोरा तथा एमएलसी पवन सिंह चौहान भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. लोहिया के विचारों को याद करते हुए परिवार के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।



