नीति आयोग बैठक में दिखी सियासी गर्मजोशी, पीएम मोदी ने विपक्षी मुख्यमंत्रियों संग की चाय पर चर्चा

दिल्ली के भारत मंडपम में आज नीति आयोग की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की। इस बैठक में भारत को 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाने की योजनाओं पर चर्चा हुई। खास बात यह रही कि इस मंच पर राजनीति से इतर एकता और सहयोग का संदेश साफ तौर पर नजर आया।
बैठक में सभी राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे, जिनमें विपक्षी पार्टियों के मुख्यमंत्रियों की भी भागीदारी देखने को मिली। प्रधानमंत्री मोदी ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन और आंध्र प्रदेश के सीएम एन. चंद्रबाबू नायडू से चाय पर चर्चा की। इस दौरान गर्मजोशी और सौहार्दपूर्ण माहौल में संवाद हुआ, जो देश की राजनीतिक परिपक्वता का संकेत है।
पीएम मोदी ने सभी मुख्यमंत्रियों से एकजुट होकर काम करने की अपील की और कहा कि केंद्र व राज्य मिलकर कार्य करें तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं। उन्होंने हर राज्य में एक प्रमुख पर्यटन स्थल विकसित करने का सुझाव दिया, जिससे आर्थिक विकास और रोजगार को बढ़ावा मिल सके।
यह बैठक न सिर्फ विकास योजनाओं के लिए अहम रही, बल्कि देश के राजनीतिक माहौल में सकारात्मक ऊर्जा भरने का भी कार्य किया। पीएम मोदी का विपक्षी नेताओं संग सौहार्दपूर्ण व्यवहार सुर्खियों में रहा।



