CM नायब सैनी के जापान दौरे में 1185 करोड़ का निवेश, मिलेगा 13,000+ रोजगार

चंडीगढ़, 7 अक्टूबर 2025 : विकसित भारत-विकसित हरियाणा के विजन को गति देते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में जापान दौरे पर गए प्रतिनिधिमंडल ने पहले ही दिन ऐतिहासिक सफलता हासिल की। हरियाणा सरकार ने जापान की प्रमुख कंपनियों के साथ 1185 करोड़ रुपये के 6 निवेश समझौते (MoUs) पर हस्ताक्षर किए, जिससे राज्य में 13,000 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलेगा।
हरियाणा में जापानी निवेश को आकर्षित करने के लिए मुख्यमंत्री ने एआईएसआईएन, एयर वाटर, टीएएसआई, नम्बू, डेंसो, सोजित्ज़, निसिन, कावाकिन और टोप्पन सहित प्रमुख जापानी कंपनियों के साथ बैठकें कीं। इन बैठकों के परिणामस्वरूप 1185 करोड़ रुपये के 6 समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए, जिससे हरियाणा में लगभग 13000 लोगों के लिए रोजगार सृजन का मार्ग प्रशस्त हुआ। मुख्यमंत्री ने कंपनियों के साथ बैठकें कर हरियाणा और जापान के मध्य द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने पर जोर दिया। उन्होंने छोटे और मध्यम उद्योगों के बीच साझेदारी बढ़ाने की पहल का सुझाव दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में उपकरण, औद्योगिक पुर्ज़े, मेटल वर्किंग उद्योगों के साथ-साथ ऑटो, ऑटो पार्ट्स और इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण क्षेत्र में बड़ी संभावनाएं हैं। इन क्षेत्रों में जापान और हरियाणा के बीच परस्पर सहयोग से व्यापारिक गतिविधियों के काफी फायदा मिलेगा।
Seiren कंपनी करेगी रोहतक में 220 करोड़ का निवेश
जापान की Seiren Company Ltd., जो वस्त्र समाधान और उन्नत सामग्री निर्माण के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अग्रणी है, ने रोहतक में 220 करोड़ रुपये के निवेश का निर्णय लिया है। इस निवेश से 1700 से अधिक रोजगार सृजित होने की उम्मीद है।
सेइरेन के उत्पादों का उपयोग ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, इंटीरियर, पर्यावरण संरक्षण और कॉस्मेटिक्स जैसे क्षेत्रों में होता है। यह हरियाणा के टेक्सटाइल सेक्टर को वैश्विक पटल पर पहचान दिलाने में सहायक सिद्ध होगा।



