वाईएफसी रुड़का कलां और जेनरेशन अमेजिंग के बीच खेल विकास को लेकर ऐतिहासिक समझौता

वाईएफसी रुड़का कलां और जेनरेशन अमेजिंग के बीच खेल विकास को लेकर ऐतिहासिक समझौता
पंजाब के युवाओं को मिलेगा उच्च स्तरीय फुटबॉल प्रशिक्षण, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कर सकेंगे प्रदर्शन
चंडीगढ़, 26 फरवरी: पंजाब के फुटबॉल प्रेमियों और खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है। जेनरेशन अमेजिंग फाउंडेशन और यूथ फुटबॉल क्लब (वाईएफसी) रुड़का कलां ने बहुउद्देशीय खेल सुविधा के विकास को लेकर एक ऐतिहासिक समझौता (एमओयू) किया है। यह समझौता चंडीगढ़ में लोकसभा सदस्य मालविंदर सिंह कंग की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस दौरान जीए फाउंडेशन के कार्यकारी निदेशक जासिम अल अली और वाईएफसी रुड़का कलां के अध्यक्ष गुरमंगल दास ने दस्तखत किए।
इस बहुउद्देशीय खेल परियोजना के तहत न केवल फुटबॉल, बल्कि बास्केटबॉल, टेनिस, वॉलीबॉल और पिकलबॉल के लिए भी अत्याधुनिक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। खिलाड़ियों को बेहतरीन प्रशिक्षण देने के लिए विशेषज्ञ कोच तैनात किए जाएंगे, जो नई तकनीकों से युवाओं को प्रशिक्षित करेंगे।
हर साल 10 हजार युवा होंगे लाभान्वित
जेनरेशन अमेजिंग फाउंडेशन के कार्यकारी निदेशक जासिम अल अली ने बताया कि यह फाउंडेशन 2017 से वाईएफसी रुड़का कलां के साथ मिलकर फुटबॉल के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य है कि हर साल लगभग 10 हजार फुटबॉल प्रेमियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि वे देश और विदेश में अपना नाम रोशन कर सकें।”
इसके अलावा, इस बहुउद्देशीय खेल परिसर में 50 स्टेशनों वाला जिम और 200 सीटों वाला बहुउद्देशीय हॉल भी बनाया गया है, जहां खेल प्रशिक्षण और अन्य सामाजिक गतिविधियों का आयोजन होगा।
खेलों के साथ सामाजिक जागरूकता भी होगी विकसित
वाईएफसी रुड़का कलां के संस्थापक और सीईओ गुरमंगल दास ने कहा, “यह सिर्फ एक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स नहीं, बल्कि पंजाब के हजारों युवाओं के लिए एक नई उम्मीद है। यहां न केवल खेलों की बारीकियां सिखाई जाएंगी, बल्कि बच्चों को सामाजिक जिम्मेदारियों और नशे के खिलाफ जागरूक किया जाएगा।”
फीफा वर्ल्ड कप 2022 के प्रायोजकों का सहयोग
यह परियोजना फीफा वर्ल्ड कप 2022 के प्रायोजक जेनरेशन अमेजिंग फाउंडेशन और प्रवासी पंजाबियों के सहयोग से बनाई गई है। इस खेल सुविधा में बच्चों और युवाओं को बिल्कुल मुफ्त प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे अपने खेल कौशल को निखार सकें।
विशेषज्ञ कोच देंगे बेहतरीन प्रशिक्षण
इस मौके पर विशेषज्ञ कोच हामिद अब्दुल अजीज ने कहा कि उन्हें गर्व है कि वे इस अनूठी पहल का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा, “यहां बेहतरीन कोचिंग स्टाफ के साथ काम करने का मौका मिलेगा, जिससे युवा खिलाड़ियों को जीवन में ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।”
समारोह में कई गणमान्य हस्तियां रहीं मौजूद
इस अवसर पर लोकसभा सांसद मालविंदर सिंह कंग, आईएएस अधिकारी सरबजीत सिंह (एसीएस, स्पोर्ट्स), स्पोर्ट्स डायरेक्टर हरप्रीत सूदन (आईएएस), जेनरेशन फाउंडेशन के निदेशक जासिम अल अली, डिज़ इंडो-जर्मन कोऑपरेशन की अध्यक्ष डॉ. ज़ोआ दोहरमान, पंचायत विभाग के निदेशक परमजीत सिंह (आईएएस) सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस एमओयू के साथ, पंजाब के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं और प्रशिक्षण प्राप्त होगा, जिससे वे भविष्य में भारत का नाम रोशन कर सकें।



