हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र आज 2 बजे से, देखने को मिलेगी सियासी सरगर्मी, कई बिल भी ला सकती है सरकार

हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत शुक्रवार से होगी। अस्थायी कार्यक्रम के मुताबिक सत्र 26 अगस्त तक होगा। मानसून सत्र 22 अगस्त को दोपहर दो बजे शुरू होगा। अगले दिन शोक प्रस्ताव और अन्य विधान कार्य होंगे, जबकि 23 और 24 अगस्त, शनिवार और रविवार को छुट्टी रहेगी। 25 और 26 अगस्त को विधानसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे से होगी। हालांकि सत्र कितने दिन चलेगा इस पर अंतिम मुहर बीएसी की 22 अगस्त को सुबह 11 बजे होने वाली बैठक में लगेगी, लेकिन इतना तय है कि इस बार मानसून सत्र में सियासी सरगर्मी जरूर देखने को मिलेगी।

विपक्ष जहां कानून व्यवस्था, डीएपी यूरिया, मनीष हत्याकांड़ जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की कोशिश करेगी, वहीं सरकार इस सत्र में कई बिल भी सकती है। सरकार प्रदेश में पिछड़ा वर्ग आयोग और मजबूत करने के उद्देश्य से आयोग के कार्यों का विस्तार करने वाला विधेयक पेश करने जा रही है। यदि सदन में यह विधेयक को पास हो जाता है तो आयोग की शक्तियां बढ़ जाएंगी। विधानसभा में इस विधेयक को सूचीबद्ध कर दिया गया है। मौजूदा समय में आयोग केवल किसी भी वर्ग को पिछड़ा वर्ग में शामिल करने या बाहर करने के अनुरोधों की जांच कर सकता है। मगर अब पांच और कार्य शामिल करने का प्रस्ताव दिया गया है जिसमें पिछड़े वर्गों के संरक्षण, कल्याण, विकास और उन्नति से संबंधित कार्यों का निर्वहन शामिल है। इसके तहत आयोग पिछड़े वर्गों के अधिकारों और सुरक्षा उपायों से वंचित से लोगों की शिकायतों की जांच कर सकता है। साथ ही ऐसे मामलों को उपयुक्त अधिकारियों के समक्ष उठा सकेगा। इसी तरह विधानसभा में विधायकों के यात्रा भत्ता दस हजार रुपये महीना करने का विधेयक पेश किया जाएगा। पूर्व विधायकों ने मुख्यमंत्री नायब सैनी और विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण से मुलाकात कर दूसरे प्रदेशों की तर्ज पर सुविधाएं देने की मांग की है। पूर्व विधायकों ने कहा- दूसरे प्रदेशों की तरह वे जनता के हित के लिए कार्य करते हैं। मगर उन्हें पेंशन व अन्य सुविधाएं कम मिलती हैं। पूर्व विधायकों ने पेंशन बढ़ाने, चिकित्सा भत्ता बढ़ाने और अन्य भत्तों को बढ़ाने की मांग रखी है।
बीएसी की बैठक सुबह 11 बजे
हरियाणा विधानसभा की कार्य सलाहकार समिति (बीएसी) की बैठक शुक्रवार 22 अगस्त को सुबह 11 बजे विधान सभा सचिवालय में होगी। बैठक की अध्यक्षता विधान सभा अध्यक्ष हरविन्दर कल्याण करेंगे। बैठक में शामिल होने के लिए विधान सभा सचिवालय की ओर से मुख्यमंत्री नायब सिंह, ऊर्जा मंत्री अनिल विज, संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा, समाज कल्याण एवं अंत्योदय मंत्री कृष्ण कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, विधायक गीता भुक्कल को निमंत्रण भेजा गया है। बीएसी में विधान सभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा, विधायक सावित्री जिंदल और विधायक अर्जुन चौटाला बतौर विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल होंगे।
इनेलो सरकार पर करेगी वार
इंडियन नेशनल लोकदल के विधायक आदित्य चौटाला ने सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरीके से खराब हो चुकी है। हरियाणा के हालात बिहार से भी खराब हो चुके हैं। इन सभी मुद्दों को इनेलो सदन में उठाएगी। सरकार मानसून सत्र को तीन से चार दिन ही चलाएगी, सरकार जानबूझकर छोटा सत्र ला रही है, क्योंकि सरकार को भय है कि यदि सदन लंबा चला तो उनकी पोल खुल जाएगी।



