पंचकूला सिविल अस्पताल में बनेगी HIV वायरल लोड टेस्टिंग लैब, हर साल 15,000 जांच की क्षमता

पंचकूला : हरियाणा सरकार ने स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करते हुए पंचकूला के सिविल अस्पताल पंचकूला में HIV वायरल लोड टेस्टिंग लैब स्थापित करने को मंजूरी दे दी है। यह लैब राज्य में इस तरह की दूसरी समर्पित सुविधा होगी, इससे पहले ऐसी व्यवस्था रोहतक में उपलब्ध है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस परियोजना की अनुमानित वार्षिक लागत 1.65 करोड़ रुपये है। लैब हर साल लगभग 15,000 HIV वायरल लोड टेस्ट करने में सक्षम होगी।
आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का होगा उपयोग
इस नई लैब को स्थापित करने के लिए अस्पताल में पहले से मौजूद COVID-19 मॉलिक्यूलर टेस्टिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का उपयोग किया जाएगा। इसके अलावा, HIV टेस्टिंग के लिए आवश्यक अतिरिक्त उपकरण भी खरीदे जाएंगे। इस रणनीति से लैब को जल्दी शुरू करने में मदद मिलेगी और नए सेटअप पर अतिरिक्त खर्च की आवश्यकता भी कम होगी। यह परियोजना हरियाणा राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी के सुझावों के आधार पर तैयार की गई है, जबकि इसका तकनीकी मूल्यांकन राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन द्वारा किया गया है। राष्ट्रीय दिशानिर्देशों के तहत प्रति HIV वायरल लोड टेस्ट की लागत लगभग 1,100 रुपये निर्धारित की गई है।
पूरा खर्च केंद्र सरकार उठाएगी
इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि लैब की स्थापना और संचालन पर आने वाला पूरा खर्च राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन द्वारा वहन किया जाएगा। इससे राज्य सरकार पर कोई अतिरिक्त वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा।



