Haryana

हरियाणा में स्वच्छता को लेकर बड़ी पहल: अब हर शहर की होगी रैंकिंग, 17 सितंबर से शुरू होगा स्वच्छता पखवाड़ा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश में स्वच्छता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। केंद्र सरकार के स्वच्छ सर्वेक्षण की तर्ज पर हरियाणा के सभी शहरों की स्वच्छता रैंकिंग जल्द शुरू की जाएगी। स्वच्छता में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले शहरों को सम्मानित किया जाएगा, जिससे प्रदेश में स्वच्छता के प्रति प्रतिस्पर्धा और जागरूकता बढ़ेगी।

23 अगस्त को पंचकूला में नवनिर्मित स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने शहरी स्थानीय निकाय, स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न सरकारी अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में उन्होंने अधिकारियों से ‘टीम हरियाणा’ के रूप में मिलकर कार्य करने और प्रदेश को एक अग्रणी मॉडल राज्य बनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के अनुरूप हरियाणा को स्वच्छ, सुंदर और हराभरा बनाने की जिम्मेदारी सभी की है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को लेकर जनता में जागरूकता बढ़ी है और हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है कि अपने आस-पास के वातावरण को स्वच्छ रखें।

स्वच्छता पखवाड़ा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक प्रदेश भर में मनाया जाएगा, जिसमें नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए अनेक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने नगर निगमों को निर्देश दिए कि स्वच्छता से जुड़ी हर शिकायत का त्वरित समाधान किया जाए ताकि जनता का विश्वास सरकार में और मजबूत हो।मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

सड़क किनारे बेसहारा पशुओं की समस्या पर भी मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि एक भी गौवंश सड़कों पर न हो, उन्हें तुरंत गौशालाओं में पहुंचाया जाए। इसके लिए बजट में गौशालाओं के निर्माण के लिए अभूतपूर्व वृद्धि की गई है।

स्वास्थ्य सेवा को बेहतर बनाने पर भी मुख्यमंत्री ने जोर दिया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि सभी नागरिकों को निजी अस्पतालों के समान उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जाएं। जिला अस्पतालों में सीटी स्कैन, एमआरआई, डिजिटल एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड जैसे अत्याधुनिक उपकरण लगाए जा रहे हैं।

शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने मानसून के दौरान जल निकासी व्यवस्था की सराहना की और बताया कि 24 अगस्त से 11 सप्ताह का स्वच्छता अभियान शुरू किया जाएगा, जिसमें शहरों की सड़कों, अस्पतालों व अन्य प्रतिष्ठानों की सफाई की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने भी अस्पतालों के नवीनीकरण और सौंदर्यकरण पर जोर देते हुए बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता की बात कही।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी अधिकारियों को अपने कर्तव्यों को ईमानदारी व निष्ठा से निभाने का आह्वान किया, ताकि हरियाणा का हर शहर स्वच्छता के मामले में उदाहरण बन सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button