HaryanaWithPunjabJK : आपदा की घड़ी में हरियाणा बना मददगार: पंजाब और जम्मू-कश्मीर को 10 करोड़ की राहत राशि

HaryanaWithPunjabJK : भारी बारिश और बाढ़ से जूझ रहे पंजाब और जम्मू-कश्मीर को राहत पहुंचाने के लिए हरियाणा सरकार ने एक मानवीय और सराहनीय पहल की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दोनों राज्यों को मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच–पांच करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता जारी करने की घोषणा की है।
इस राहत राशि का उद्देश्य न केवल प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता प्रदान करना है, बल्कि दोनों राज्यों में जारी बचाव और पुनर्वास कार्यों को गति देना भी है।
“हरियाणा कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है” — सीएम सैनी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को पत्र लिखकर कहा:प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में हरियाणा की जनता और सरकार आपके साथ है। पड़ोसी और मित्र राज्य होने के नाते यह हमारा कर्तव्य है कि हम मदद का हाथ बढ़ाएं।”
उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि अतिरिक्त राहत सामग्री या संसाधनों की आवश्यकता हो, तो हरियाणा सरकार हर संभव सहायता देने को तैयार है।
कोई परिवार अकेला न महसूस करे” — हरियाणा की संवेदनशील पहल
मुख्यमंत्री ने आगे कहा:”हमारा उद्देश्य है कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित लोगों के चेहरे पर राहत और आशा की झलक लौटे। हरियाणा सरकार सुनिश्चित करेगी कि कोई भी परिवार खुद को अकेला न समझे।”



