Haryana

अंबाला इंडस्ट्रियल एरिया में ‘वॉर रूम’ का गठन, अनिल विज ने ली कमान – युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है सफाई अभियान

अंबाला छावनी, 13 सितंबर – हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने अंबाला छावनी के इंडस्ट्रियल एरिया की बिगड़ती व्यवस्थाओं को लेकर कमान अपने हाथ में ले ली है। उन्होंने आज इंडस्ट्रियल एरिया का दौरा कर न सिर्फ समस्याओं की समीक्षा की, बल्कि मौके पर ही कई बड़े फैसले भी लिए।

5 सदस्यीय कमेटी गठित, वॉर रूम स्थापित

मंत्री अनिल विज ने इंडस्ट्रियल एरिया में व्यवस्था सुधार के लिए 5 प्रतिनिधियों की एक विशेष कमेटी बनाई है, जिसमें सुभाष धीमान, गोपी सहगल, कमलजीत जैन, कपिल वर्मा और अखिल गुप्ता शामिल हैं। इनकी निगरानी में विभागों के साथ समन्वय बनाकर हर पहलू को दुरुस्त किया जाएगा।

साथ ही, एरिया के ही एक फैक्ट्री में ‘वॉर रूम’ स्थापित किया गया है, जहां एचएसआईआईडीसी, नगर परिषद, जन स्वास्थ्य, बिजली निगम व पुलिस के कर्मचारी रोस्टर के हिसाब से तैनात रहेंगे। मंत्री विज ने साफ कहा –
“मैं वॉर रूम कभी भी आकर चेक करूंगा।”

सफाई और दवा छिड़काव के लिए युद्ध स्तर पर अभियान

इंडस्ट्रियल एरिया में जल निकासी के बाद तेजी से सफाई और दवा छिड़काव का काम शुरू करवा दिया गया है। विज ने निर्देश दिए कि हर गली, हर कोने में सफाई हो, तेल व चुना का छिड़काव हो और कोई हिस्सा छूटे नहीं। साथ ही उन्होंने फैक्ट्री संचालकों से भी अपील की कि वे अपनी फैक्ट्रियों में छिड़काव की अनुमति दें।

सुपर सकर मशीन से पानी निकासी, विज ने मौके पर कार्यप्रणाली चेक की

जहां-जहां पानी जमा था, वहां सुपर सकर मशीन बुलाकर तुरंत पानी निकालने का आदेश दिया गया। मंत्री विज ने तब तक एरिया न छोड़ने का एलान किया जब तक मशीन मौके पर न पहुंच जाए। मशीन पहुंचते ही उन्होंने खुद उसकी कार्यप्रणाली को जांचा।

बिजली-पानी सप्लाई होगी दुरुस्त, इंश्योरेंस मुद्दों पर कार्रवाई के निर्देश

विज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिजली और पेयजल आपूर्ति को जल्द से जल्द सुचारू किया जाए।
इसके अलावा उन्होंने अंबाला के उपायुक्त को इंश्योरेंस से संबंधित फैक्ट्री मालिकों की समस्याओं को हल करने के लिए बीमा कंपनियों के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।

स्ट्रॉम वाटर लाइन की तर्ज पर नई योजना तैयार

जलभराव की स्थायी समस्या से निपटने के लिए विज ने एचएसआईआईडीसी को निर्देश दिए कि सदर बाजार की तर्ज पर इंडस्ट्रियल एरिया में भी स्ट्रॉम वॉटर लाइन डाली जाए ताकि भविष्य में बरसाती पानी आसानी से निकल सके।

“इंडस्ट्रियल एरिया शहर की नब्ज है” – अनिल विज

मंत्री विज ने कहा, यह क्षेत्र हजारों लोगों की आजीविका से जुड़ा है। यहां की समस्याएं मेरी प्राथमिकता में हैं। हम हर हाल में इसे दुरुस्त करेंगे।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button