कांग्रेस की समानांतर विधानसभा, हम महिलाओं को 33% आरक्षण देने के विरुद्ध नहीं : हुड्डा

चंडीगढ़ : नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम के लोकसभा में गिरने के विरुद्ध भाजपा सरकार द्वारा बुलाए गए हरियाणा विधानसभा के विशेष सत्र का प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने बहिष्कार किया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में विधानसभा के विशेष सत्र में शामिल नहीं होने का निर्णय लिया गया, जिसके बाद कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा परिसर की पार्किंग में समानांतर विधानसभा चलाई। राज्यसभा चुनाव में क्रास वोटिंग करने के आरोपित पांचों विधायक न तो कांग्रेस विधायक दल की बैठक में शामिल हुए और न ही उन्होंने समानांतर विधानसभा की कार्यवाही में हिस्सा लिया।
कांग्रेस द्वारा चलाई गई समानांतर विधानसभा में विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हम महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के विरुद्ध नहीं है। कांग्रेस चाहती है कि महिलाओं को राजनीति में प्रोत्साहन मिले। इसी वजह से साल 2023 में महिलाओं को आरक्षण देने का बिल पास किया गया था, लेकिन भाजपा सरकार इस बिल को लागू करने की बजाय नये परिसीमन के हिसाब से महिला आरक्षण लागू करना चाहती है, जो कि सिर्फ राजनीतिक एजेंडे से अधिक कुछ नहीं है।
सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास
कांग्रेस की समानांतर विधानसभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर साल 2023 का आरक्षण बिल लागू करने की मांग की गई। बेरी के कांग्रेस विधायक डा. रघुबीर कादियान ने समानांतर विधानसभा में स्पीकर की भूमिका निभाई। करीब डेढ़ घंटे तक चली समानांतर विधानसभा की कार्यवाही में विधायक अशोक अरोड़ा, गीता भुक्कल, शकुंतला खटक, आफताब अहमद, निर्मल सिंह, बीबी बत्रा, रामकरण काला, नरेश सेलवाल, चंद्रप्रकाश, चंद्रमोहन बिश्नोई, कुलदीप वत्स और इंजीनियर मामन खान ने साल 2023 के महिला आरक्षण बिल के समर्थन में अपनी बात रखी। अशोक अरोड़ा और गीता भुक्कल ने कहा कि महिलाओं को आरक्षण देना समय की जरूरत है, लेकिन उनके कंधे पर राजनीति की बंदूक रखकर वोटों की रोटियां किसी को नहीं सेंकने दी जाएंगी। कांग्रेस विधायक दल की बैठक और समानांतर सदन की कार्यवाही में हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह भी शामिल हुए।
राज्यपाल से मिलने का समय मांगा
विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने राज्यपाल से मिलने का समय मांगा है। हुड्डा ने कहा कि वैसे तो भाजपा सरकार द्वारा बुलाया गया विशेष सत्र नियमों के विपरीत है, क्योंकि महिलाओं को आरक्षण संबंधी विधेयक पर चर्चा राजनीतिक मुद्दा है, लेकिन सत्र में यदि किसानों और एसवाईएल नहर के निर्माण की बात भी होती तो अच्छा होता। विधायक अशोक अरोड़ा ने कहा कि हरियाणा सरकार की ओर से फिरोजपुर झिरका के विधायक मामन खान के विरुद्ध लगातार मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। राज्यपाल से मिलकर इस राजनीतिक दुर्भावना की शिकायत की जाएगी।
व्हिप उल्लंघन पर कार्रवाई
कांग्रेस के तीन विधायकों शैली चौधरी, जरनैल सिंह और रेणुबाला के विधानसभा के विशेष सत्र की कार्यवाही में शामिल होने पर विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि पांच विधायक पहले ही अनुशासनहीनता कर चुके हैं और कांग्रेस पार्टी से उन्हें निकाला जा चुका है। अगर वे सत्र में शामिल हुए हैं तो यह कांग्रेस पार्टी का नहीं, बल्कि उनका अपना स्वयं का फैसला है। इन तीनों कांग्रेस विधायकों के विरुद्ध किसी कार्रवाई से जुड़े सवाल पर हुड्डा ने कहा कि यदि कोई कांग्रेस विधायक पार्टी व्हिप का उल्लंघन करेगा तो उसके विरुद्ध कार्रवाई अवश्य होगी। विधानसभा के सत्र में शामिल नहीं होने को लेकर फैसला विधायक दल की बैठक में लिया गया था। इस बारे में कोई व्हिप जारी नहीं हुआ था।



