“नापाकिस्तान” ने फिर तोड़ा युद्धविराम, भारत देगा करारा जवाब: अनिल विज

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने पाकिस्तान पर तीखा हमला बोलते हुए उसे “नापाकिस्तान” करार दिया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की फितरत में झूठ, फरेब और धोखेबाज़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि युद्धविराम समझौते के बावजूद पाकिस्तान ने एक बार फिर उसका उल्लंघन किया है।
अनिल विज ने कहा कि भारत का शीर्ष नेतृत्व और तीनों सेनाएं इस स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और उचित समय पर निर्णायक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर भविष्य में कोई आतंकी हमला होता है, तो उसे भारत पर सीधा हमला माना जाएगा और उसी के अनुसार जवाब भी दिया जाएगा।
इस बीच, सिरसा से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने पाकिस्तान के झूठे प्रचार का खंडन करते हुए कहा कि सिरसा हवाई अड्डा पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने इसे देश की अग्रिम पंक्ति का सामरिक स्थल बताया और कहा कि इसकी सुरक्षा पर पूरे हरियाणा को गर्व है। सैलजा ने स्पष्ट किया कि हमारे जवानों की चौकसी से सीमाएं सुरक्षित हैं और यदि दुश्मन कोई दुस्साहस करता है तो उसे करारा जवाब मिलेगा।



