National NewsPunjab

प्रधानमंत्री मोदी ने पंजाब के बाढ़ पीड़ितों के लिए ₹1,600 करोड़ की राहत राशि की घोषणा की

गुरदासपुर, पंजाब | 9 सितंबर 2025 :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को बाढ़, भूस्खलन और भारी बारिश से बुरी तरह प्रभावित पंजाब के क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया और गुरदासपुर में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर स्थिति का आकलन किया।

इस दौरान उन्होंने बाढ़ राहत के लिए ₹1,600 करोड़ की विशेष वित्तीय सहायता पैकेज का ऐलान किया, जो राज्य के पास पहले से उपलब्ध ₹12,000 करोड़ के अलावा होगा।

प्रमुख घोषणाएं:

  • ₹1,600 करोड़ की वित्तीय सहायता बाढ़ राहत कार्यों के लिए

  • एसडीआरएफ की दूसरी किस्त की अग्रिम रिहाई का आश्वासन

  • पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत भी अग्रिम भुगतान की घोषणा

  • पीएम आवास योजना, राष्ट्रीय राजमार्गों, स्कूलों और पशुपालन के लिए पुनर्निर्माण योजनाएं

  • किसानों के लिए विशेष राहत, जैसे बोरवेल का नवीनीकरण और सोलर पंप सहायता

किसानों के लिए बड़ी राहत

प्रधानमंत्री ने किसानों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (RKVY) और सूक्ष्म सिंचाई योजनाओं के तहत विशेष पैकेज की घोषणा की। इसके अंतर्गत गादयुक्त या क्षतिग्रस्त बोरवेलों का नवीनीकरण, डीजल पंपों के लिए सोलर पैनल सहायता, और ‘प्रति बूंद अधिक फसल’ पहल को बढ़ावा दिया जाएगा।

बाढ़ पीड़ितों को मिलेगी मानवीय सहायता

प्रधानमंत्री मोदी ने बाढ़ में जान गंवाने वालों के परिजनों को ₹2 लाख और गंभीर रूप से घायलों को ₹50,000 की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। इसके साथ ही, बाढ़ और भूस्खलन से अनाथ हुए बच्चों को पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के तहत दी जाएगी व्यापक सहायता।

पुनर्निर्माण और आधारभूत संरचना का विकास

प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में स्कूलों, सड़कों और अन्य आधारभूत संरचनाओं का पुनर्निर्माण तेज़ी से किया जाएगा। जल संचयन और वर्षा जल पुनर्भरण के लिए जन भागीदारी कार्यक्रम शुरू किया जाएगा।

केंद्र की पूरी मदद का आश्वासन

प्रधानमंत्री मोदी ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना, और अन्य राहत एजेंसियों के प्रयासों की सराहना की और कहा कि केंद्र सरकार पंजाब के पुनर्निर्माण और राहत कार्यों में हर संभव सहायता देगी। एक अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीम को नुकसान का आकलन करने के लिए पहले ही तैनात किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button