हरियाणा कांग्रेस में हड़कंप! विधायक गोकुल सेतिया का पार्टी पर सीधा हमला, BJP की तारीफ से सियासी हलचल तेज
हरियाणा की राजनीति में एक बार फिर बवंडर उठा है। सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ खुला मोर्चा खोल दिया है।

सिरसा, 20 अप्रैल 2025: हरियाणा की राजनीति में एक बार फिर बवंडर उठा है। सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ खुला मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के हाईकमान पर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने फेसबुक पर लंबा पोस्ट लिखा, जिसमें न केवल कांग्रेस नेतृत्व को कठघरे में खड़ा किया, बल्कि बीजेपी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की खुलकर तारीफ भी की है।
“पुराना नाम बड़ा, वही हकदार?” – सेतिया का हाईकमान पर सवाल
गोकुल सेतिया ने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान की बैठकें होती हैं, लेकिन मौजूदा विधायकों को उसमें बुलाया तक नहीं जाता। उन्होंने तीखा सवाल उठाते हुए लिखा:
“क्या सिर्फ वही लोग हकदार हैं जिनका नाम पुराना है? जो लोग जमीन पर मेहनत करके चुनाव जीते हैं, उनकी कोई अहमियत नहीं?”
“मेरे खिलाफ सब पार्टियां थीं, फिर भी सीट जीती”
सेतिया ने अपनी जीत का जिक्र करते हुए कहा कि सिरसा की सीट पर भाजपा ने भी उम्मीदवार वापस ले लिया था और बाकी सारी पार्टियां एकजुट होकर उनके खिलाफ थीं। इसके बावजूद उन्होंने जीत दर्ज की। उन्होंने हाईकमान से गिला करते हुए कहा कि
“आज तक किसी ने शाबाशी तक नहीं दी।”
“नगर परिषद चुनाव में भी कोई नहीं आया प्रचार करने”
सेतिया ने यह भी आरोप लगाया कि नगर परिषद चुनावों में जब सिरसा की सीट सबसे कम वोटों से हारी, तब भी कोई बड़ा नेता प्रचार के लिए नहीं आया, ना ही किसी ने इस पर कोई चर्चा की।
बीजेपी की तारीफ से कांग्रेस में बेचैनी
गोकुल सेतिया पहले भी सीएम नायब सिंह सैनी की तारीफ कर चुके हैं। 8 अप्रैल को वे किसानों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री आवास पहुंचे थे। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि
“मुख्यमंत्री का व्यवहार और सम्मान देखकर बहुत अच्छा लगा। ऐसा मान-सम्मान पहली बार किसी सरकार में महसूस हुआ।”
उन्होंने यह भी कहा कि “पार्टी कोई भी हो, लेकिन जब प्रदेश का मुखिया आम लोगों को सम्मान देता है, तो वह सराहनीय है।”



