HaryanaRayta Special

हरियाणा 12वीं बोर्ड परीक्षा में बेटियों का जलवा, शिक्षा मंत्री ने दी शुभकामनाएं – बोले, ‘लड़कियां लड़कों से कम नहीं’

चंडीगढ़, 13 मई: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी की 12वीं कक्षा की परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रदेश के शिक्षा मंत्री  महीपाल ढांडा ने हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इस बार के परिणाम को संतोषजनक और प्रेरणादायक बताया।

बेटियों ने फिर लहराया परचम
मंत्री  ढांडा ने बताया कि इस वर्ष का परीक्षा परिणाम पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर रहा है और खास बात यह रही कि लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया है। उन्होंने कहा, “प्रदेश की बेटियां अब किसी भी क्षेत्र में लड़कों से पीछे नहीं हैं। चाहे शिक्षा हो या खेल, हर मोर्चे पर बेटियां प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रही हैं।”

उच्च शिक्षा की ओर बढ़ते कदम
 ढांडा ने अभिभावकों से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे अपनी बेटियों को उच्च शिक्षा दिलाने में कोई कसर न छोड़ें। उन्होंने कहा, “अगर हम बेटियों को शिक्षित करेंगे, तो वे न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे प्रदेश का भविष्य उज्ज्वल करेंगी।”

कॉलेजों की संख्या में हुआ जबरदस्त इजाफा
शिक्षा मंत्री ने बताया कि वर्ष 2014 तक प्रदेश में कुल 105 राजकीय महाविद्यालय थे, जो अब बढ़कर 184 हो गए हैं। खास बात यह है कि इनमें से 30 कॉलेज केवल लड़कियों के लिए खोले गए हैं। यह राज्य सरकार की बेटियों की शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

नई शिक्षा नीति से छात्रों को मिलेगा लाभ
 ढांडा ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2024-25 से सभी राजकीय विश्वविद्यालयों से संबद्ध कॉलेजों में प्रवेश राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के आधार पर हो रहा है। इससे छात्रों को न केवल आधुनिक शिक्षा प्रणाली का लाभ मिलेगा, बल्कि उनके समग्र विकास में भी मदद मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button