हरियाणा सीएमओ में विभागों का पुनः बंटवारा: राजेश खुल्लर बने ओवरऑल इंचार्ज, राज नेहरू की एंट्री

चंडीगढ़, 2 जून 2025 — हरियाणा के मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) में विभागों का नया बंटवारा कर दिया गया है। इसमें मुख्यमंत्री के नायब सैनी के चीफ प्रिंसिपल सेक्रेटरी राजेश खुल्लर के कार्यभार को कुछ हद तक कम किया गया है, जबकि मुख्यमंत्री के ओएसडी के पद पर राज नेहरू की नई नियुक्ति हुई है। अब सीएमओ में दो ओएसडी होंगे।
राजेश खुल्लर के जिम्मे 16 महकमे
राजेश खुल्लर, जो राज्य के सबसे प्रभावशाली अधिकारी माने जाते हैं, अभी तक 21 विभाग देख रहे थे, लेकिन नए बंटवारे के बाद उनके पास 16 महकमे रहेंगे। इनमें न्याय प्रशासन, आयुष, ऊर्जा, वित्त, सामान्य प्रशासन, स्वास्थ्य, उद्योग एवं वाणिज्य, सूचना, सिंचाई, चिकित्सा शिक्षा, संसदीय कार्य, विधि, राजभवन, राजस्व, नगर नियोजन व शहरी संपदा सहित मुख्यमंत्री कार्यालय का सम्पूर्ण प्रभार शामिल है।
राज नेहरू बने मुख्यमंत्री के ओएसडी
मुख्यमंत्री कार्यालय में अब ओएसडी की संख्या बढ़कर दो हो गई है। राज नेहरू, जो पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के करीबी माने जाते हैं, सीएमओ में शामिल हो गए हैं। वे फ्यूचर डिपार्टमेंट, उच्च शिक्षा, युवा सशक्तिकरण और उद्यमिता जैसे तीन विभाग देखेंगे। नेहरू कौशल विकास के क्षेत्र में अनुभवी हैं और देश के पहले राजकीय कौशल विश्वविद्यालय के संस्थापक कुलपति रह चुके हैं।
अन्य अधिकारियों के विभाग
IAS अरुण कुमार गुप्ता के पास 11 विभाग होंगे, जिनमें सिविल एविएशन, पर्यावरण, खाद्य आपूर्ति, जेल, माइनिंग, पब्लिक वर्क्स, ट्रांसपोर्ट, और सामाजिक न्याय जैसे महत्त्वपूर्ण विभाग शामिल हैं।
IAS साकेत कुमार 9 विभाग संभालेंगे, जिनमें कृषि, पशुपालन, डेयरी, पंचायत विकास, मत्स्य पालन, विदेशी मामले, आवास, सैनिक कल्याण और महिला-बाल विकास बोर्ड शामिल हैं।
IAS यशपाल के पास 8 विभाग होंगे, जिनमें कृषि, पुरातत्व, पर्यटन, श्रम, स्कूल शिक्षा, खेल आदि शामिल हैं।
HCS विवेक कालिया सीएम विंडो और जनसंवाद देखेंगे।
HCS सुधांशु गौतम सरकारी आवास, मुख्यमंत्री घोषणा, राहत कोष, ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी जैसे छह विभाग संभालेंगे।
HCS राकेश संधु सीएम विंडो और शिकायत प्रबंधन के दो विभाग देखेंगे



