Chandigarh

आईपीएस वाई पूरण कुमार आत्महत्या मामला: पत्नी IAS अमनीत पी. कुमार बोलीं – दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

चंडीगढ़  — हरियाणा के सीनियर आईपीएस अधिकारी वाई पूरण कुमार की आत्महत्या के मामले में अब मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है। उनकी पत्नी और वरिष्ठ आईएएस अफसर अमनीत पी. कुमार ने बुधवार को चंडीगढ़ लौटते ही बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि सुसाइड नोट में जिन लोगों को जिम्मेदार ठहराया गया है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, CBI जांच की संभावना भी जताई जा रही है।

पोस्टमॉर्टम टला, बड़ी बेटी की वापसी का इंतजार

आईपीएस वाई पूरण कुमार का बुधवार को पोस्टमॉर्टम नहीं हो सका। उनकी पत्नी अमनीत कुमार ने इसकी अनुमति नहीं दी। अब संभावना है कि 9 अक्टूबर (गुरुवार) को अमेरिका से बड़ी बेटी के लौटने के बाद पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। इसके बाद ही अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। फिलहाल उनका शव चंडीगढ़ सेक्टर-16 के गवर्नमेंट अस्पताल की मॉर्च्युरी में सुरक्षित रखा गया है।

अफसरों पर भड़कीं अमनीत, सुसाइड नोट में लिखे नामों पर कार्रवाई की चेतावनी

सूत्रों के मुताबिक, आईएएस अमनीत पी. कुमार गुस्से में नजर आईं और उन्होंने सुसाइड नोट में लिखे नामों पर सीधे कार्रवाई की बात कही। कुछ सीनियर अफसरों ने कहा कि उन्हें किसी विवाद की जानकारी नहीं थी क्योंकि वे सोशल मीडिया पर एक्टिव नहीं हैं। इस पर अमनीत ने तीखा जवाब देते हुए कहा- जिन्हें भी मेरे पति ने जिम्मेदार ठहराया है, उनके खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।

कोठी में बिता रहीं समय, CBI जांच की उठ सकती है मांग

अमनीत पी. कुमार सेक्टर-11 स्थित उस कोठी में भी गईं जहां 7 अक्टूबर को उनके पति ने खुद को गोली मारी थी। उन्होंने काफी समय कोठी के बेसमेंट में बिताया। इसके बाद उन्होंने सेक्टर-16 अस्पताल में जाकर पति के अंतिम दर्शन किए।

पारिवारिक सूत्रों की मानें तो, पोस्टमॉर्टम से पहले परिवार द्वारा CBI जांच की आधिकारिक मांग उठाई जा सकती है, ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो सके और दोषियों को सजा मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button