HaryanaNational News

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री सहकारी सम्मेलन, पुलिस पासिंग आउट परेड में हुए शामिल

पंचकूला/चंडीगढ़ :  केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह बुधवार को हरियाणा के पंचकूला पहुंचे, जहां उन्होंने राज्य को विकास और सुरक्षा की नई दिशा दी। शाह ने अपने दौरे की शुरुआत इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में आयोजित सहकारिता सम्मेलन से की, जिसके बाद वह ताऊ देवीलाल स्टेडियम में हरियाणा पुलिस के 5061 जवानों की पासिंग आउट परेड में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने न केवल प्रदेश के अन्नदाताओं की सराहना की, बल्कि पुलिस बल में शामिल हुए युवाओं को आधुनिक भारत का रक्षक बताया। शाह ने पंचकूला में कृषक भारती कोऑपरेटिव (कृभको) द्वारा ‘सतत कृषि में सहकारिता की भूमिका’ विषय पर आयोजित सहकारी सम्मेलन को संबोधित किया। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केन्द्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, केन्द्रीय सहकारिता सचिव डॉ. आशीष भूटानी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Amit Shahसम्मेलन को संबोधित करते हुए केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि इतिहास, धर्म, अध्यात्म और परंपराओं से जुड़ा हरियाणा आज धीरे-धीरे कृषि और सहकारिता के सहयोग से किसानों की समृद्धि के नए आयाम लिख रहा है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के अवसर पर कृभको द्वारा आयोजित इस सेमिनार में मिल्क चिलिंग सेंटर, HAFED का आटा मिल, RuPay प्लेटिनम कार्ड, मॉडल पैक्स का पंजीकरण और सहकारिता वर्ष का पोर्टल, जो पूरे देश की सहकारिता से जुड़ी सूचनाएँ सहकारिता से जुड़े सभी किसानों तक पहुँचाएगा का लोकार्पण किया गया। अमित शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने अपनी सरकार आने के बाद कृषि के आधार को मजबूत किया और सहकारिता के माध्यम से मजबूत की गई कृषि को किसानों को समृद्ध बनाने के लिए उपयोग किया।

‘भारत’ टैक्सी लॉन्च करेंगे

अमित शाह ने कहा कि देश में कई कंपनियाँ टैक्सी परिचालन का काम करती हैं, लेकिन उनमें मुनाफा ड्राइवर के पास नहीं, बल्कि मालिक के पास जाता है। उन्होंने कहा कि सहकारिता मंत्रालय की पहलों के तहत हम एक-दो महीने में ही ‘भारत’ टैक्सी लॉन्च करेंगे, जिसका एक-एक आना मुनाफा हमारे ड्राइवर भाइयों के पास जाएगा।इससे हमारे ड्राइवर भाइयों के लिए रोजगार की कई नई संभावनाएँ खुलेंगी। उन्हें बीमा की व्यवस्था मिलेगी, उनकी टैक्सी पर एडवरटाइजमेंट की व्यवस्था होगी और सारा मुनाफा अंततः उनके पास ही जाएगा। इससे ग्राहक की सुविधा भी बढ़ेगी और टैक्सी ड्राइवर भी समृद्ध होगा। उन्होंने कहा कि ‘भारत’ सहकारिता टैक्सी जल्द ही लॉन्च होने वाली है। शाह ने विश्वास जताया कि देखते-देखते यह भारत की नंबर 1 टैक्सी परिचालन कंपनी बन जाएगी। उन्होंने कहा कि आज भी हम उस कालखंड को भूल नहीं सकते, जब हमारी आबादी बहुत कम होने के बावजूद खाने के लिए हमें अमेरिका से लाल गेहूं मंगाने पड़ते थे। उन्होंने कहा कि यह हरियाणा और पंजाब की ही भूमि है जिसने देश को अनाज के मामले में आत्मनिर्भर बनाकर दुनिया में सम्मान दिलाया है। शाह ने कहा कि छोटा सा प्रदेश होने के बावजूद केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और तीनों सीनाओं में आबादी के अनुपात में सबसे अधिक जवान हरियाणा के हैं और उनकी बहादुरी के कारण ही भारत की सेनाएं और सशस्त्र बल बहुत सारे आक्रमण विफल कर सके हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button