हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम का ताऊ देवीलाल स्टेडियम का निरीक्षण, अधिकारियों को 15 दिन में सुधार का अल्टीमेटम

पंचकूला: हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने मंगलवार सुबह पंचकूला स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम का दौरा किया, जहां उन्हें कई अव्यवस्थाएँ देखने को मिलीं। इस दौरान उन्होंने स्टेडियम की अव्यवस्थाओं पर कड़ी नाराजगी जताई और अधिकारियों को सुधार के लिए 15 दिन का अल्टीमेटम दिया।
मंत्री ने निरीक्षण के दौरान खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। खिलाड़ियों ने सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं में खामियों की जानकारी दी, खासकर डाइट, उपकरण और अन्य सुविधाओं के मामले में। इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने जिला खेल अधिकारी और संबंधित अधिकारियों को फोन पर फटकार लगाई।
गौरव गौतम ने कहा, “हमारी सरकार खिलाड़ियों की भलाई और उनकी सुविधाओं के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” मंत्री ने अधिकारियों को 15 दिन में सुधार लाने का आदेश दिया, और अगर ऐसा नहीं हुआ तो कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
इस कदम से यह साफ संदेश गया कि हरियाणा सरकार राज्य में खेल के स्तर को सुधारने के लिए गंभीर है। सुधार की प्रक्रिया पर नजर रखी जाएगी, और यदि अपेक्षित बदलाव नहीं हुआ, तो अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



