हरियाणा विधानसभा में कानून व्यवस्था पर हंगामा! सीएम सैनी ने उठाया 2008 का रेप केस, कांग्रेस का वॉकआउट | जानिए पूरी सियासी जंग

चंडीगढ़, 26 अगस्त 2025 – हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र का तीसरा दिन जबरदस्त राजनीतिक घमासान और आरोप-प्रत्यारोपों की भेंट चढ़ गया। कांग्रेस ने प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला, तो मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस शासनकाल के एक सनसनीखेज रेप केस को उठाकर विपक्ष को चौंका दिया। इसके बाद कांग्रेस ने वॉकआउट कर दिया, जिससे सदन का माहौल और भी गरमा गया।
CM सैनी का बड़ा हमला: “हुड्डा राज में थाने में हुआ था बलात्कार”
कांग्रेस द्वारा प्रदेश में महिलाओं पर हो रहे अपराधों को लेकर सवाल खड़े करने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 10 अप्रैल 2008 का एक गंभीर मामला उठाया। उन्होंने कहा:“रोहतक के एक पुलिस थाने में 5 पुलिसकर्मियों ने एक महिला के साथ थाने के अंदर ही बलात्कार किया। उस वक्त भूपेंद्र सिंह हुड्डा मुख्यमंत्री थे। पीड़िता 40 दिन तक दर-दर भटकी, फिर ज़हर खाकर आत्महत्या कर ली। अंततः सीबीआई ने न्याय दिलाया।”
सीएम के इस बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा ने कड़ी आपत्ति जताई, लेकिन सैनी यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा: कांग्रेस सच न सुन सकती है, न बोल सकती है। इसलिए हर बार वॉकआउट ही इनकी आदत बन चुकी है। इसके बाद कांग्रेस विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया।
कांग्रेस का तीखा वार: “हरियाणा अपराधियों की शरणस्थली बन चुका है”
कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने बहस की शुरुआत करते हुए कहा:“हरियाणा में हर रोज़ 3 हत्याएं और 5 बलात्कार हो रहे हैं। महिलाएं, बच्चियां और यहां तक कि विधायक भी सुरक्षित नहीं हैं।”उन्होंने हिमानी नरवाल हत्याकांड, सफीदों गोलीकांड और विधायक जस्सी पेटवाड़ को मिली धमकियों का ज़िक्र किया। पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा ने सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा:“हरियाणा आज सबसे असुरक्षित प्रदेश बन चुका है। अपराधी खुलेआम फोन पर धमकियां देते हैं, गैंग का नाम लेकर वसूली करते हैं। ये भाजपा राज की असलियत है।”
“यूपी से भी बदतर हालात”, बोले अशोक अरोड़ा
थानेसर से कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने कहा:“हरियाणा में हर दिन 11 अपहरण और 3-4 हत्याएं हो रही हैं। कई अपराध तो दर्ज ही नहीं होते। सरकार को जयंतियां मनाने से फुर्सत मिले, तभी तो पुलिस काम कर पाए।”
भाजपा का पलटवार: “अपराध पर जीरो टॉलरेंस, कांग्रेस के आंकड़े झूठे”
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा:“कांग्रेस झूठे आंकड़े फैलाकर जनता को गुमराह कर रही है। हमने 150 से ज्यादा एनकाउंटर किए हैं, 200 अपराधी घायल हुए हैं, और 54 आपत्तिजनक गानों को बैन किया गया है जो अपराधियों का महिमामंडन करते थे।” उन्होंने ये भी कहा कि अपराधों में वृद्धि राज्य की जनसंख्या वृद्धि के अनुपात में कम है।



