बरनाला में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए कुख्यात गैंगस्टर गोपी सेलबराह को गिरफ्तार किया
गैंगस्टर गोपी सेलबराह साथियों समेत गिरफ्तार।
पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने बरनाला में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए कुख्यात गैंगस्टर गोपी सेलबराह को गिरफ्तार कर लिया है। गोपी के साथ उसकी पत्नी सुखमनप्रीत कौर, साथी गगनदीप सिंह और उसकी पत्नी हरप्रीत कौर को भी हिरासत में लिया गया
27 वर्षीय गोपी सेलबराह जेलब्रेकर गुरप्रीत सिंह सेखों के गिरोह का सक्रिय सदस्य है और उस पर हत्या के प्रयास समेत कई संगीन मामले दर्ज हैं। घटना उस समय हुई जब आरोपी चंडीगढ़ से बरनाला की ओर आ रहा था। बड़बर टोल प्लाजा पर पुलिस ने उसकी गाड़ी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह भागने में सफल रहा।
पुलिस के पीछा करने के दौरान गोपी सेलबराह ने गाड़ियों को टक्कर मारी।
कई गाड़ियों को मारी टक्कर पुलिस के पीछा करने पर गैंगस्टर ने अपनी कार को धनौला कस्बे के एक रिहायशी इलाके की तंग गलियों में घुसा दिया, जहां उसने कई वाहनों को टक्कर मार दी। हालांकि, पुलिस ने उसे और उसके साथियों को जिंदा पकड़ने में सफलता हासिल की।
थाना धनौला के एसएचओ लखवीर सिंह ने बताया कि गैंगस्टर के साथ पकड़े गए गगनदीप सिंह की उम्र 22 वर्ष है और वह भगता भाईका का निवासी है। पुलिस ने धनौला थाने में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वाहनों को पहुंचे नुकसान का भी मामला दर्ज किया गया है।



