राज्यपाल ने मृतक एएसआई संदीप लाठर के परिजनों से की मुलाकात

हरियाणा के राज्यपाल प्रो. अशीम कुमार घोष ने दिवंगत एएसआई संदीप कुमार लाठर के निवास स्थान जुलाना पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। राज्यपाल ने परिजनों को सांत्वना देते हुए इस कठिन घड़ी में धैर्य बनाए रखने की अपील की।
राज्यपाल ने संदीप कुमार लाठर की माता इंद्रावती, पत्नी संतोष, पुत्र विहान, पुत्री रूपक और अन्य परिजनों से भेंट कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि संदीप जैसे अधिकारी राज्य की सेवा भावना के प्रतीक होते हैं, और उनके निधन से प्रदेश ने एक कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार और समर्पित पुलिस अधिकारी को खो दिया है।
प्रो. घोष ने इस अवसर पर मृतक एएसआई के बच्चों की शिक्षा के लिए ₹2.5 लाख (अढ़ाई लाख रुपये) की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि एक सार्वजनिक सेवक के रूप में संदीप कुमार लाठर की निष्ठा और कर्तव्यपरायणता हमेशा याद रखी जाएगी।
राज्यपाल ने कहा, “मुझे व्यक्तिगत तौर पर भी गहरा दुख है। संदीप लाठर जैसे अधिकारी समाज और राज्य की रीढ़ होते हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति और परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दे।”
इस दौरान राज्यपाल की धर्मपत्नी मित्रा घोष भी उपस्थित रहीं और उन्होंने भी परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।



