भाजपा ने जारी किया संकल्प पत्र, हरियाणा के विकास के लिए 21 सूत्रीय एजेंडा

रोहतक, 24 फरवरी: हरियाणा स्थानीय निकाय चुनाव-2025 के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आज रोहतक में अपना संकल्प पत्र जारी किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली और कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल की उपस्थिति में इस संकल्प पत्र का विमोचन किया। यह जनता के सुझावों और आकांक्षाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
हरियाणा को चाहिए ‘ट्रिपल इंजन सरकार’
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा के तेज विकास के लिए ट्रिपल इंजन सरकार जरूरी है।
- पहला इंजन: केंद्र की मोदी सरकार, जो वित्तीय सहायता और नीतिगत सहयोग देती है।
- दूसरा इंजन: हरियाणा सरकार, जो योजनाओं को धरातल पर लागू करती है।
- तीसरा इंजन: स्थानीय निकायों में भाजपा की सरकार, जो जमीनी स्तर पर विकास को गति देती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब ये तीनों इंजन एक साथ काम करेंगे तो हरियाणा का विकास नई ऊंचाइयों को छुएगा।
संकल्प पत्र के मुख्य बिंदु:
- महिलाओं को 25% हाउस टैक्स छूट
- स्ट्रीट वेंडर्स को आर्थिक सहायता
- नगर निकायों में अवैध कॉलोनियों को नियमित किया जाएगा
- गरीब परिवारों को मुफ्त सोलर पैनल, सौर ऊर्जा से रोशन होंगे घर
- शहरी परिवहन को आधुनिक बनाने के लिए इलेक्ट्रिक बसें
- हरियाणा के शहरों में स्मार्ट स्ट्रीट लाइट और बेहतर सफाई व्यवस्था
- छोटे व्यापारियों और स्ट्रीट वेंडर्स को वित्तीय सहायता
- स्मार्ट सड़कों और बहु-स्तरीय पार्किंग स्थलों का निर्माण
- दिव्यांगों के लिए विशेष सार्वजनिक सुविधाएं और पार्कों में योग स्थल
- सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाएगी, स्वच्छता व्यवस्था होगी मजबूत
- शहरों में मुफ्त सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन और सार्वजनिक शौचालय
- उद्योगों और रासायनिक कचरे के निस्तारण के लिए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट
- हर वार्ड में ऑनलाइन सेवा केंद्र की स्थापना
- नगर निकायों को करों और शुल्कों की स्वतंत्रता, वित्तीय मजबूती
- सौर ऊर्जा परियोजनाओं को बढ़ावा और ऊर्जा कुशल स्ट्रीट लाइट्स
- आवारा पशुओं के लिए आश्रय स्थल और जनसंख्या नियंत्रण उपाय
- टियर-2 और टियर-3 शहरों में आधुनिक पुस्तकालय और अध्ययन केंद्र
- स्मार्ट सड़कें और नगर सुरक्षा के लिए अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे
- नगर निगमों और नगर निकायों के लिए अलग-अलग विकास योजनाएं
- नगर सीमा में आने वाले परिवारों को स्वामित्व योजना का लाभ
- श्मशान घाटों के लिए समर्पित वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे
‘नॉन-स्टॉप हरियाणा’ के लिए भाजपा प्रतिबद्ध: विपुल गोयल
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि यह संकल्प पत्र सिर्फ चुनावी घोषणा नहीं, बल्कि भाजपा की गारंटी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने 100 दिन में 21 वादों को पूरा करके दिखाया है और आगे भी भाजपा इसी गति से काम करेगी।
पूर्व विधायक केहर सिंह रावत भाजपा में शामिल
संकल्प पत्र विमोचन के बाद हथीन से पूर्व इनेलो विधायक केहर सिंह रावत भाजपा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई।
हरियाणा की जनता से समर्थन की अपील
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि यह संकल्प पत्र हरियाणा को सशक्त और विकसित बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने जनता से भाजपा के इस विजन को समर्थन देने की अपील की।



