घग्घर बनी ‘मौत की नदी’, हरियाणा में कैंसर बेल्ट का खतरा | सैलजा का सरकार पर तीखा वार

चंडीगढ़ | 14 जुलाई 2025 : कांग्रेस नेता और सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा ने हरियाणा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि सरकारी लापरवाही ने घग्घर नदी को ‘मौत का दरिया’ बना दिया है। उन्होंने बताया कि नदी में 46 फैक्ट्रियों का जहरीला कचरा डाला जा रहा है, जिससे सिरसा, फतेहाबाद और हनुमानगढ़ जैसे जिलों में कैंसर रोगियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
सैलजा ने कहा कि पंजाब और हरियाणा में एसटीपी के बिना सीवरेज और रसायनों का बहाव सीधे नदी में हो रहा है। इससे नदी का टीडीएस स्तर 1068 mg/L तक पहुंच गया है, जो पीने और खेती के लिए खतरनाक है। उन्होंने बताया कि सिरसा जिले के 13 गांवों का भूजल पूरी तरह विषाक्त हो चुका है, जहां लोगों को पीने के पानी तक के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
सांसद ने सरकार से घग्घर नदी की सफाई के लिए विशेष पैकेज, प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों पर कार्रवाई, कैंसर अस्पतालों की स्थापना, और भाखड़ा नहर का पानी रानियां क्षेत्र में पहुंचाने की मांग की है।
“घोषणाओं से कुछ नहीं होगा, अब ठोस कार्रवाई की ज़रूरत है। जनता अब और इंतजार नहीं करेगी,” – सैलजा



