हरियाणा में पब्लिक ट्रांसपोर्ट में लगेगा ट्रैकिंग डिवाइस, 112 सर्विस से जोड़ा जाएगा

चंडीगढ़, 23 जून 2025: हरियाणा सरकार ने राज्य में महिलाओं और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने निर्देश दिए हैं कि राज्य के सभी सार्वजनिक परिवहन वाहनों में अब वाहन ट्रैकिंग डिवाइस लगाना अनिवार्य होगा। यह डिवाइस 112 इमरजेंसी सेवा से जोड़ा जाएगा, जिससे आपात स्थिति में तुरंत सहायता मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री सैनी ने ट्रांसपोर्ट विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि हरियाणा सरकार महिला और बाल सुरक्षा को लेकर गंभीर है। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का वैज्ञानिक अध्ययन कर प्रभावी समाधान निकाला जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने खासतौर पर स्कूल वाहनों की फिटनेस पर सख्त निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी स्कूल बसों की नियमित तकनीकी जांच की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि वे पूरी तरह फिट हैं।
इस उच्चस्तरीय बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता और परिवहन विभाग के आयुक्त एवं सचिव टी एल सत्यप्रकाश समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सरकार के इस फैसले को हरियाणा में स्मार्ट व सेफ ट्रांसपोर्ट व्यवस्था की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। ट्रैकिंग डिवाइस और 112 सेवा का समन्वय आने वाले दिनों में राज्य में यात्री सुरक्षा के नए मानक स्थापित करेगा।



