सिलहट टेस्ट में रिजवान-लिटन की तीखी झड़प, स्टंप माइक में कैद हुई स्लेजिंग
साइटस्क्रीन विवाद पर भड़के लिटन, बोले- 'अब अर्धशतक बना लिया तो ओवरएक्टिंग शुरू'
Asheesh srivastava
बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच सिलहट में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के चौथे दिन मैदान का पारा उस वक्त चढ़ गया जब पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान और बांग्लादेश के विकेटकीपर लिटन दास आमने-सामने आ गए। बात इतनी बढ़ी कि मैदानी अंपायरों को बीच-बचाव करना पड़ा।
साइटस्क्रीन से शुरू हुआ बवाल
यह वाकया पाकिस्तान की दूसरी पारी के 72वें ओवर का है। मोहम्मद रिजवान 53 रन बनाकर क्रीज पर थे। इसी दौरान उन्होंने साइटस्क्रीन के सामने किसी व्यक्ति की आवाजाही की शिकायत कर खेल रुकवा दिया। लिटन दास को लगा कि रिजवान जानबूझकर गेंदबाजों की लय तोड़ रहे हैं।
जब लिटन ने रिजवान से पूछा कि क्या समस्या है, तो रिजवान ने कहा, ‘देखो, वहां साइटस्क्रीन के सामने कोई खड़ा है।’ इस पर लिटन ने स्टंप माइक पर तंज कसते हुए कहा, ‘अब जबकि इसने अर्धशतक बना लिया है, तो इसकी ओवरएक्टिंग शुरू हो जाएगी।’यह सुनते ही रिजवान भड़क गए और दोनों खिलाड़ियों के बीच तीखी जुबानी जंग शुरू हो गई। अंपायरों ने तुरंत दखल देकर मामला शांत कराया।
स्टंप माइक में कैद हुई लिटन की स्लेजिंग
इससे पहले 38वें ओवर में भी लिटन दास की स्लेजिंग स्टंप माइक में रिकॉर्ड हुई थी। लिटन विकेट के पीछे से रिजवान का मजाक उड़ाते सुने गए। उन्होंने कहा, ‘वैसे भी रिजवान की इज्जत पाकिस्तान में बहुत खराब है। अगर वह यहां एक बड़ा शॉट मारने के चक्कर में आउट हो गया तो वह वापस अपने देश में पैर भी नहीं रख पाएगा। पाकिस्तान में उसकी साख इतनी गिरी हुई है।’ लिटन ने आगे कहा कि पाकिस्तानी टीम अब सिर्फ मैच बचाने की कोशिश कर रही है, जीतने का कोई चांस नहीं है।

बांग्लादेशी खिलाड़ियों ने किया ट्रोल
विवाद के बाद बांग्लादेशी खिलाड़ियों ने भी रिजवान को एक मशहूर बॉलीवुड कॉमेडी फिल्म के डायलॉग के साथ जमकर ट्रोल किया, जिससे माहौल और गर्म हो गया।