महानायक राव तुलाराम जैसे सेनानी हमारे प्रेरणास्रोत : राव इंद्रजीत

हरियाणा वीर एवं शहीदी दिवस के अवसर पर मंगलवार को रेवाड़ी जिले में अमर शहीदों के स्मारक स्थलों पर गणमान्य लोगों ने महान विभूतियों को नमन किया। शहर के अमर शहीद राव तुलाराम चौक और राव तुलाराम शहीद स्मारक पार्क में केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, हरियाणा सरकार में स्वास्थ्य एवं आयुष मंत्री कुमारी आरती सिंह राव, रेवाड़ी से विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, बावल से विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, कोसली से विधायक अनिल यादव, पटौदी से विधायक बिमला चौधरी और भाजपा जिलाध्यक्ष वन्दना पोपली ने महान स्वतंत्रता सेनानी राव तुलाराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्पचक्र अर्पित करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। वहीं, गांव रामपुरा में भी अमर शहीदों की शहादत को सलाम किया गया।
इस अवसर पर अमर शहीद राव तुलाराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण अर्पित करने के उपरांत केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि अमर शहीद राव तुलाराम जैसे महानायक हमारे लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि आजादी के महानायक, वीर सपूत और स्वतंत्रता सेनानी, जो राष्ट्र प्रेम से सराबोर होकर देश पर कुर्बान हुए, भारतीय शूरवीरों की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत की आजादी से लेकर आज तक देश के लिए जीने वाले हमारे वीर जवान भारत की आन-बान-शान हैं।



