चकबंदी न होने वाले गांवों में किसानों को राहत, अब ऑफलाइन होगी फसल खरीदी: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़, 22 अप्रैल: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए घोषणा की है कि जिन गांवों में अब तक चकबंदी नहीं हुई है, वहां के किसानों की फसल अब “मेरी फसल – मेरा ब्यौरा” पोर्टल की बजाय ऑफलाइन माध्यम से खरीदी जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह निर्देश आज खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर राज्य मंत्री राजेश नागर भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि कई गांवों में चकबंदी न होने के कारण किसान पोर्टल पर फसल का ब्यौरा अपलोड नहीं कर पा रहे थे, जिससे उन्हें फसल बेचने में दिक्कत हो रही थी। इस समस्या के समाधान के लिए अब ऑफलाइन प्रक्रिया अपनाई जाएगी, जिससे किसान सीधे मंडियों में अपनी फसल बेच सकेंगे।
बैठक में यह भी बताया गया कि हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत अब तक 17.40 लाख महिलाओं का पंजीकरण हो चुका है। मुख्यमंत्री ने उज्जवला स्कीम और बीपीएल परिवारों के डेटा की घर-घर जाकर वेरीफिकेशन करने तथा एलपीजी सिलेंडर के लिए शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए।



