हरियाणा में बिजली बिल होंगे आधार से लिंक, हर मंगलवार लगेगी ‘बिजली अदालत’ – ऊर्जा मंत्री अनिल विज

चंडीगढ़, 16 अप्रैल – हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने प्रदेशवासियों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि अब बिजली उपभोक्ताओं के बिल आधार कार्ड से लिंक किए जाएंगे। इससे उपभोक्ताओं को पारदर्शी और सटीक बिलिंग सुविधा मिलेगी।
ऊर्जा विभाग की बैठक में विज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर मंगलवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक सर्कल कार्यालयों में ‘बिजली अदालत’ लगाई जाए। इसमें गलत बिल, रीडिंग, खराब मीटर जैसी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि बिजली बिलों के भुगतान के लिए लोगों को जागरूक किया जाए और बिल न भरने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। कोर्ट में लंबित मामलों की निगरानी के लिए विशेष सेल बनाने का भी निर्देश दिया गया।
ऊर्जा मंत्री ने सभी सब-डिवीजन पर ट्रांसफार्मर, खंभे, तारें और अन्य उपकरण पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। शहरी क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर 1 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 2 घंटे में ठीक किए जाएं।
बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। सरकार का यह कदम बिजली उपभोक्ताओं को राहत और जवाबदेही दोनों सुनिश्चित करेगा।



