ChandigarhHaryana

अभय सिंह चौटाला को फिर से जान से मारने की धमकी, बेटे कर्ण चौटाला को यूके से आई कॉल पर वॉयस मैसेज

चंडीगढ़,16 जुलाई – इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला को एक बार फिर जान से मारने की गंभीर धमकी मिली है। यह धमकी उनके बेटे कर्ण चौटाला के मोबाइल पर वॉयस मैसेज के जरिए दी गई, जिसमें साफ कहा गया कि अगर अभय चौटाला उनके काम में दखल देंगे तो उन्हें गंभीर अंजाम भुगतना पड़ेगा।

धमकी देने वालों ने की कर्ण चौटाला को कॉल और वॉयस मैसेज भेजा

कर्ण चौटाला ने बताया कि उन्हें रात में एक कॉल आई, जिसके बाद एक वॉयस मैसेज भेजा गया। धमकी में कहा गया कि अपने पिता को समझा लो, नहीं तो ‘अंजाम भुगतना पड़ेगा’। धमकी देने वालों ने अभय चौटाला को ‘प्रधान’ यानी इनेलो के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी के पास भेजने की बात भी कही।

पुलिस में शिकायत, लेकिन कार्रवाई नहीं

कर्ण चौटाला ने पुलिस को शिकायत दी कि पहले धमकी देने वालों ने अभय चौटाला के नंबर पर कॉल की, जिसे उनके निजी सचिव ने नहीं उठाया। इसके बाद धमकी उनके मोबाइल पर वॉयस मैसेज के रूप में आई। उन्होंने बताया कि उन्होंने खुद रात में थाने जाकर शिकायत दर्ज करवाई, लेकिन अभी तक न तो हरियाणा पुलिस ने, न ही चंडीगढ़ पुलिस ने उनसे संपर्क किया है। मामले में अभी तक कोई एफआईआर भी दर्ज नहीं हुई है।

धमकी कॉल यूके से आई

कर्ण चौटाला ने बताया कि धमकी कॉल इंटरनेशनल नंबर से आई थी, जो यूके का बताया गया है। उन्होंने कहा कि वे फिलहाल किसी का नाम नहीं ले सकते लेकिन इस मामले को लेकर वे कोर्ट का सहारा लेने के लिए भी तैयार हैं। इससे पहले भी अभय सिंह चौटाला को पदयात्रा के दौरान जान से मारने की धमकी मिली थी, तब भी पुलिस सुरक्षा का इंतजाम नहीं हुआ था, लेकिन कोर्ट की अपील के बाद उन्हें ‘वाई प्लस’ सुरक्षा मिली थी।

सीएम का बयान: पुलिस सख्ती से करेगी जांच

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इस मामले पर कहा है कि पुलिस इस प्रकार के मामलों में सख्ती से कार्रवाई करेगी और कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आश्वासन दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button