महंगाई-बेरोजगारी-कानून व्यवस्था पर गरजे सपा कार्यकर्ता
-कानपुर देहात में नरेंद्र पाल सिंह ‘मनु’ ने बुलंद की आवाज

कुमार संतोष
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर पेपर लीक, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, छात्रों के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़, ध्वस्त कानून-व्यवस्था, महिला उत्पीड़न एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।
भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी नरेंद्र पाल सिंह ‘मनु’ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता माती स्थित जिला मुख्यालय, कानपुर देहात पहुंचे और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराते हुए कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई, युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी, किसानों की उपेक्षा तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार हो रहे पेपर लीक से आम जनता और छात्र वर्ग बेहद परेशान है।
महिला अपराधों में वृद्धि
नरेंद्र पाल ‘मनु’ ने कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है तथा महिलाओं के खिलाफ अपराधों में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अव्यवस्था के कारण जनता को न्याय और मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता के अधिकारों और उनके सम्मान की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ती रहेगी।
प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने जनविरोधी नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सरकार से जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जनहित के मुद्दों पर सरकार ने गंभीरता नहीं दिखाई तो समाजवादी पार्टी आगामी दिनों में और व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।



