मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अंबाला को दी विकास योजनाओं की सौगात, जल और सड़क नेटवर्क को मिलेगा नया रूप

अंबाला, 28 जुलाई – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अंबालावासियों को तीज के अवसर पर बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने अंबाला शहर की जल वितरण योजना के विस्तारीकरण के लिए 145 करोड़ रुपये, सेक्टर 24 में 9 एमएलडी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के लिए 40 करोड़ रुपये, और एसवाईएल के क्षतिग्रस्त पैच की मरम्मत के लिए 60 करोड़ रुपये की घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय तीज उत्सव के दौरान कुल 73 करोड़ रुपये की 9 परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास भी किया। इसके अलावा, स्पोर्ट्स स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक, पीएचसी नग्गल में नया ब्लॉक, सेक्टर 23 में नया फायर स्टेशन, और डॉक्टरों के लिए रिहायशी सुविधा जैसे कई अहम प्रोजेक्ट्स की भी घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि पुराना दिल्ली रोड नाले, अंबाला ड्रेन, और मॉडल टाउन ड्रेन के हिस्सों को पक्का किया जाएगा, ताकि बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या से निजात मिले। इसके लिए 60 करोड़ से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है।
सड़क नेटवर्क को सशक्त बनाने के लिए 91.45 किलोमीटर की 56 सड़कों की मरम्मत, 53 सड़कों पर 45.25 करोड़ की विशेष मरम्मत, और 6 सड़कों पर 11 करोड़ की लागत से सुधार कार्य किए जाएंगे। साथ ही, मटेडी शेखां-नन्यौला रोड के चौड़ीकरण के लिए 42 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार हर जिले में आधुनिक जिला अस्पताल स्थापित करेगी, जिससे प्रदेशवासियों को बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश को तीन गुना गति से आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है।



