हरियाणा में स्टार्टअप्स को नई उड़ान | सरकार का 100 करोड़ वेंचर फंड

चंडीगढ़, 24 अक्टूबर — हरियाणा सरकार ने राज्य में नवाचार और उद्यमिता को नई दिशा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग ने भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (SIDBI) की सहायक कंपनी सिडबी वेंचर कैपिटल लिमिटेड (SVCL) के साथ आत्मनिर्भर स्टार्टअप वेंचर फंड के लिए 100 करोड़ रुपये की पूंजी प्रतिबद्धता के समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
यह फंड 250 करोड़ रुपये के लक्ष्य के साथ एक सेबी-पंजीकृत श्रेणी-I वैकल्पिक निवेश कोष (AIF) है, जिसका संचालन SVCL द्वारा किया जाएगा। इस फंड का उद्देश्य हरियाणा के नवोदित स्टार्टअप्स को वित्तीय सहायता, बाजार तक पहुंच और विकास के अवसर प्रदान करना है।
हरियाणा बनेगा वैश्विक नवाचार केंद्र — मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हरियाणा को वैश्विक नवाचार और उद्यमिता केंद्र बनाना है। उन्होंने कहा, हरियाणा सरकार स्टार्टअप्स को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर संभव सहयोग देगी। युवाओं की प्रतिभा और विचारों को साकार रूप देने के लिए यह फंड एक बड़ा कदम है।”
मुख्यमंत्री ने यह भी जोड़ा कि यह पहल राज्य की बजट घोषणा का हिस्सा है, जिसके तहत युवाओं में उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए समर्पित वेंचर कैपिटल फंड की स्थापना की जा रही है।
AI, हेल्थ-टेक, एग्री-टेक और स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों को मिलेगा बढ़ावा
आत्मनिर्भर स्टार्टअप वेंचर फंड से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), हेल्थ-टेक, एग्री-टेक, स्वच्छ ऊर्जा और अन्य उभरते क्षेत्रों में काम कर रहे स्केलेबल और टिकाऊ स्टार्टअप्स को निवेश सहायता मिलेगी। फंड का उद्देश्य है —
-
बाजार तक बेहतर पहुंच
-
व्यावसायिक विकास
-
तकनीकी नवाचार को प्रोत्साहन
-
निजी क्षेत्र की सक्रिय भागीदारी
हरियाणा के उद्योग क्षेत्र में नई ऊर्जा
इस समझौते पर उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल और SVCL के प्रबंध निदेशक एवं CEO श्री अरूप कुमार ने हस्ताक्षर किए। इस मौके पर उद्योग विभाग के महानिदेशक-सह-सचिव श्री यश गर्ग, SVCL के अधिकारी श्री किरण पुजारी और सुश्री प्रज्ञा एस. भी उपस्थित रहे।



