Haryana

“भाजपा सरकार के 11 साल: भारत का स्वर्णिम युग – ऊर्जा मंत्री अनिल विज का बड़ा बयान”

चंडीगढ़, 9 जून: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने भाजपा के केंद्र में 11 साल पूरे होने पर मीडिया से बातचीत के दौरान इसे “भारत का गोल्डन पीरियड” करार दिया। पंचकूला में पत्रकारों से बातचीत में विज ने कहा कि इन 11 वर्षों में देश ने हर क्षेत्र में ऐतिहासिक विकास देखा है – रक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, आधारभूत ढांचा, और सामाजिक योजनाओं में अद्भुत प्रगति हुई है।

विज ने कहा कि “पहले भारत रक्षा उपकरण आयात करता था, अब निर्यात कर रहा है। ब्रह्मोस मिसाइल से लेकर स्वदेशी तकनीक तक, भारत अब ताकतवर बन चुका है।” उन्होंने बताया कि भाजपा शासन में हाईवे, एयरपोर्ट और मेडिकल कॉलेजों की संख्या दोगुनी-तिगुनी हो चुकी है। देश में हर प्रदेश में एम्स जैसे संस्थान खोले गए हैं और आयुष्मान भारत योजना से करोड़ों गरीबों को 5 लाख तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है।

कश्मीर में रेल और दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे ब्रिज:

विज ने कश्मीर तक रेल सेवा को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया और कहा कि “धरती के स्वर्ग तक रेल पहुंचाना हमारे संकल्प का प्रतीक है।” उन्होंने दावा किया कि आज भारत में बना सबसे ऊंचा रेलवे ब्रिज विश्व रिकॉर्ड कायम कर चुका है।

कांग्रेस पर तीखा हमला:

अनिल विज ने कांग्रेस को “बीमारी” बताते हुए कहा कि जनता ने इसे उखाड़ फेंकने का मन बना लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सिंधु नदी का 80% पानी पाकिस्तान को देकर ऐतिहासिक भूल की। साथ ही, अनुच्छेद 370 लागू कर कश्मीर को देश से अलग रखने की साजिश रची।

विज ने 1971 के युद्ध का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस की कमजोरी के कारण भारत POK नहीं ले पाया, जबकि 90 हजार पाकिस्तानी सैनिक भारत के कब्जे में थे।

खडगे और विपक्ष पर तंज:

कांग्रेस अध्यक्ष खडगे के बयानों पर कटाक्ष करते हुए विज बोले – “सत्ता की लालसा में वे अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान नहीं रख पा रहे।” उन्होंने विपक्ष पर बिहार व बंगाल में हार से पहले बहाने बनाने का आरोप लगाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button