Haryana

फार्म टूरिज्म व होम स्टे से पैदा होंगे रोजगार के अवसर

हरियाणा सरकार राज्य में फार्म टूरिज्म व होम स्टे के माध्यम से पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक ले जाना चाहती है जिससे प्रदेश के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। इसके लिए फार्म टूरिज्म व होम स्टे संचालकों के सामने आने वाली समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।

यह बात हरियाणा पर्यटन विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने मंगलवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में फार्म टूरिज्म तथा होम स्टे संचालकों के साथ आयोजित एक बैठक के दौरान कही। इस दौरान पर्यटन विभाग की अतिरिक्त निदेशक ममता शर्मा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार राज्य में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए गंभीर प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी राज्य में फार्म टूरिज्म व होम स्टे के विकास को लेकर व्यक्तिगत रुचि ले रहे हैं।

बैठक में फार्म टूरिज्म व होम स्टे संचालकों ने अलग अलग विभागों से संबंधित समस्याओं की जानकारी देते हुए इनका समाधान करवाने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि फार्म टूरिज्म व होम स्टे का प्रतिवर्ष का वैश्विक बाजार 5000 करोड़ रुपये है जो प्रतिवर्ष बढ़ता जा रहा है। यदि हरियाणा सरकार फार्म टूरिज्म व होम स्टे व्यवसाय के समक्ष आने वाली समस्याओं का समाधान करे तो हरियाणा इस क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रदर्शन कर सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button