योगी सरकार का बड़ा तोहफा: यूपी के 16 लाख कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 2% बढ़ा, मई में बढ़ी सैलरी मिलेगी

लखनऊ, 9 अप्रैल – उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने राज्य के 16 लाख से अधिक सरकारी कर्मचारियों को राहत देते हुए महंगाई भत्ते (DA) में 2 फीसदी की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। अब कर्मचारियों को बेसिक सैलरी पर 55 फीसदी की दर से डीए मिलेगा, जो पहले 53 फीसदी था। यह बढ़ा हुआ डीए 1 जनवरी 2025 से प्रभावी होगा और अप्रैल 2025 की सैलरी के साथ भुगतान किया जाएगा।
इस फैसले से राज्य सरकार के कर्मचारी, सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों, तकनीकी शिक्षण संस्थाओं, शहरी स्थानीय निकायों के नियमित, पूर्णकालिक, कार्यप्रभारित कर्मियों और यूजीसी वेतनमान के कर्मचारी लाभान्वित होंगे।
राज्य सरकार पर आर्थिक असर भी पड़ेगा। मई 2025 में एरियर सहित सरकार पर लगभग 300 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भार आएगा। इसके बाद जून से हर महीने 107 करोड़ रुपये का खर्च बढ़ेगा।
गौरतलब है कि हाल ही में केंद्र सरकार ने भी डीए में 2% बढ़ोतरी की थी, जिससे केंद्रीय कर्मचारियों को लाभ मिला। अब योगी सरकार के इस फैसले से यूपी के लाखों कर्मचारियों के चेहरे पर खुशी की लहर है।



