HaryanaNational News

हरियाली तीज पर महिलाओं को मुख्यमंत्री की सौगात: ‘कोथली’ में कल्याणकारी योजनाओं की भरमार

अंबाला, 28 जुलाई: हरियाणा में इस बार हरियाली तीज महिलाओं के लिए केवल त्योहार नहीं, एक नई उम्मीद लेकर आई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश की बेटियों और महिलाओं को कल्याणकारी योजनाओं की “कोथली” भेंट कर, इस पर्व को विशेष बना दिया। अंबाला में आयोजित राज्य स्तरीय तीज महोत्सव के अवसर पर मुख्यमंत्री ने कई नई योजनाओं और पहलों की घोषणा की, जिनका उद्देश्य महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, उद्यमशीलता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है।

‘लाडो सखी’ योजना का शुभारंभ

मुख्यमंत्री ने ‘लाडो सखी’ योजना की शुरुआत करते हुए बताया कि अब गर्भवती महिलाओं की देखभाल के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा वर्कर व ए.एन.एम. बहनें नियुक्त की जाएंगी जिन्हें ‘लाडो सखी’ कहा जाएगा। बेटी के जन्म पर इन सखियों को ₹1,000 की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह योजना ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान को और मजबूती देगी।

महिला स्टार्टअप्स को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने महिला उद्यमशीलता को नई ऊंचाई देने के लिए 50,000 से 1 लाख रुपये तक की सहायता राशि देने की घोषणा की। साथ ही छात्राओं को 10,000 ‘डू-इट-योअरसेल्फ किट’ वितरित की जाएंगी ताकि कम उम्र में ही व्यवसायिक सोच विकसित हो।

हरियाली तीज पर महिलाओं को मुख्यमंत्री की सौगात

हर विकास खंड में महिला-चालित राशन डिपो

राज्य सरकार अब हर विकास खंड में एक राशन डिपो स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सौंपेगी। इससे न केवल महिलाओं को रोजगार मिलेगा बल्कि गांव की व्यवस्थाओं में उनकी सक्रिय भागीदारी भी बढ़ेगी।

महिला स्टार्टअप्स के लिए नीति आयोग के साथ साझेदारी

नीति आयोग के सहयोग से हरियाणा में “महिला उद्यमिता मंच” का स्टेट चैप्टर शुरू किया जाएगा, जिससे 700 से अधिक मेंटरों से मार्गदर्शन, प्रशिक्षण, वित्त और बाजार पहुंच जैसी सुविधाएं मिलेंगी।

131 महिला सांस्कृतिक केंद्रों का उद्घाटन

मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर में 131 महिला सांस्कृतिक केन्द्रों का उद्घाटन किया, जहां महिलाएं भजन, नृत्य व सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग ले सकेंगी।

‘लखपति दीदी’ का सपना हो रहा साकार

राज्य सरकार ने 5 लाख महिलाओं को “लखपति दीदी” बनाने का लक्ष्य रखा है, जिसमें अब तक 2.10 लाख महिलाएं इस उपलब्धि को हासिल कर चुकी हैं।

महिला शिक्षा और सुरक्षा के लिए ठोस कदम

  • 80 नए राजकीय कॉलेज खोले गए, जिनमें 30 लड़कियों के हैं।

  • 33 महिला पुलिस थाने स्थापित की गईं।

  • महिला हेल्पलाइन 1091 कार्यरत।

  • मुख्यमंत्री दूध उपहार, मातृत्व सहायता, किशोरी सम्मान जैसी योजनाएं जारी।

सम्मान और प्रोत्साहन का उत्सव

कार्यक्रम में श्रेष्ठ महिला शिल्पकारों को ₹3 लाख के पुरस्कार, 12 सांत्वना पुरस्कार और स्वयं सहायता समूहों को ₹14.26 करोड़ की राशि के चेक प्रदान किए गए।
तीन श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ स्वयं सहायता समूहों को ₹1 लाख, ₹50,000 और ₹25,000 के पुरस्कार दिए गए।


मुख्यमंत्री सैनी का भावुक संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा, “तीज का पर्व हमारी संस्कृति, परंपरा और नारी शक्ति के सम्मान का प्रतीक है। यह दिन हमें याद दिलाता है कि समाज में खुशहाली लाने के लिए महिलाओं को शिक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना जरूरी है।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button